एस.आर.ए.पी. महाविद्यालय में नशा मुक्ति जागरूकता अभियान आयोजित
विद्यार्थियों को दिलाई गई नशे से दूर रहने और समाज में जागरूकता फैलाने की शपथ
एस.आर.ए.पी. महाविद्यालय में नशा मुक्ति जागरूकता अभियान आयोजित
विद्यार्थियों को दिलाई गई नशे से दूर रहने और समाज में जागरूकता फैलाने की शपथ

जे टी न्यूज,
बारा चकिया: मद्यनिषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग, मोतिहारी तथा प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में एस.आर.ए.पी. महाविद्यालय, बारा चकिया में नशा मुक्ति जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम की संयुक्त अध्यक्षता महाविद्यालय के गणित विभागाध्यक्ष डॉ. अभ्येन्द्र प्रसाद एवं डॉ. रंजीत कुमार दिनकर ने की, जबकि संयोजन संस्कृत विभागाध्यक्ष डॉ. सुमन लाल राय ने किया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशे के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्परिणामों से अवगत कराया गया। वक्ताओं ने कहा कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि उसके पारिवारिक जीवन, सामाजिक प्रतिष्ठा और भविष्य को भी प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा, अनुशासन और रचनात्मक गतिविधियों पर ध्यान केंद्रित करने की अपील की।
डॉ. अभ्येन्द्र प्रसाद ने कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति और भविष्य होते हैं। नशे की प्रवृत्ति उनकी प्रतिभा, ऊर्जा और संभावनाओं को कमजोर करती है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने तथा परिवार और समाज में भी नशा मुक्ति का संदेश फैलाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री प्राप्त करना नहीं, बल्कि जिम्मेदार, जागरूक और स्वस्थ नागरिक बनना भी है।
डॉ. रंजीत कुमार दिनकर ने कहा कि नशा व्यक्ति की शारीरिक, मानसिक और सामाजिक क्षमता को प्रभावित करता है। किशोरों एवं युवाओं को इसके दुष्प्रभावों के प्रति विशेष रूप से जागरूक रहने की आवश्यकता है। नशे से बचने के लिए दृढ़ इच्छाशक्ति, सकारात्मक सोच और अच्छी संगति जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को खेलकूद एवं रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने के लिए भी प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई। सभी ने संकल्प लिया कि वे स्वयं किसी भी प्रकार के नशे का सेवन नहीं करेंगे, दूसरों को भी इससे दूर रहने के लिए प्रेरित करेंगे तथा समाज में नशा मुक्ति का संदेश फैलाएंगे।
इस अवसर पर डॉ. संतोष आनंद, डॉ. सुमन लाल राय, डॉ. परमानंद शर्मा, डॉ. रीता कुमारी, डॉ. श्रवण मोदी, डॉ. अरशद खान, डॉ. संजीव कुमार, डॉ. अखिलेश्वर कुमार, मोहसाहिद आलम, राकेश कुमार, पप्पू ठाकुर एवं मदन ठाकुर सहित महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ, जागरूक और नशा मुक्त समाज के निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना था। कार्यक्रम का संदेश रहा— नशे से दूरी, जीवन से दोस्ती; नशा मुक्त युवा, सशक्त भारत।

