संबद्ध डिग्री महाविद्यालयों के अनुदान वितरण में देरी से शिक्षकों में आक्रोश, 2019 से 2026 तक की राशि अब भी बकाया

संबद्ध डिग्री महाविद्यालयों के अनुदान वितरण में देरी से शिक्षकों में आक्रोश, 2019 से 2026 तक की राशि अब भी बकाया


जे टी न्यूज,
पटना। बिहार सरकार द्वारा संबद्ध डिग्री महाविद्यालयों के लिए दो वर्षों की अनुदान राशि जारी किए जाने के बावजूद अब तक शिक्षकों एवं कर्मचारियों के बीच इसका वितरण नहीं हो सका है। लंबे समय से अनुदान की प्रतीक्षा कर रहे शिक्षक-कर्मचारी अब सवाल उठा रहे हैं कि आखिर भुगतान कब होगा और क्या सरकार ने इसके लिए कोई समय-सीमा निर्धारित की है?

शिक्षकों के अनुसार, वर्ष 2017 और 2018 का अनुदान कहीं-कहीं प्राप्त हुआ है, लेकिन वर्ष 2019 से लेकर 2026 तक की अनुदान राशि अब भी बकाया है। दुर्गापूजा, दीपावली और छठ जैसे प्रमुख पर्व बीत गए, अब शादी-विवाह का लग्न भी शुरू हो गया है, लेकिन विभिन्न प्रकार के बहाने बनाकर भुगतान लगातार टाला जा रहा है। ऐसे में शिक्षकों और कर्मचारियों को अपनी पारिवारिक एवं आर्थिक जरूरतों को पूरा करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। शिक्षकों का सवाल है कि आखिर उन्हें अपने ही हक की राशि के लिए कब तक इंतजार करना पड़ेगा?

शिक्षकों का कहना है कि बिहार शायद देश का ऐसा पहला राज्य है, जहां संबद्ध महाविद्यालयों के शिक्षक नियमित वेतन से वंचित हैं और सरकार अनुदान का भुगतान भी समय पर नहीं कर पा रही है। इसे ही क्या डबल इंजन की सरकार का सुशासन कहा जाएगा? जब सरकार संबद्ध महाविद्यालयों के शिक्षकों को वेतन नहीं देती, तो कम से कम अनुदान की राशि समय पर उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी तो निभानी चाहिए।

गौरतलब है कि सरकार ने विद्यार्थियों की सफलता और महाविद्यालयों के परीक्षा परिणाम के आधार पर अनुदान देने की घोषणा की थी। लेकिन घोषणा के बावजूद वर्षों से अनुदान लंबित रहना सरकार की कथनी और करनी के बीच अंतर को उजागर करता है। जब विद्यार्थियों की सफलता के आधार पर अनुदान देने की बात कही गई है, तो फिर शिक्षकों और कर्मचारियों को उनके परिश्रम का प्रतिफल मिलने में इतनी देरी क्यों हो रही है?

इसके साथ ही अनुदान वितरण में पारदर्शिता और निष्पक्षता को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। शिक्षकों को आशंका है कि भुगतान के दौरान निर्धारित पात्रता, सेवा अवधि और अन्य मानकों की अनदेखी न हो। कुछ महाविद्यालयों में कथित अवैध वसूली, कमीशन तथा चहेते शिक्षकों एवं कर्मचारियों को अधिक भुगतान किए जाने की आशंकाएं भी जताई जा रही हैं। हालांकि, इन आरोपों की निष्पक्ष जांच आवश्यक है। सरकार और विश्वविद्यालय प्रशासन को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि किसी भी शिक्षक या कर्मचारी से अनुदान की राशि का कोई हिस्सा जबरन वापस न लिया जाए और भुगतान में किसी प्रकार का पक्षपात न हो।

शिक्षकों ने राज्य सरकार, शिक्षा विभाग और संबंधित विश्वविद्यालयों से मांग की है कि अनुदान वितरण की स्पष्ट समय-सीमा घोषित की जाए। सभी पात्र शिक्षकों एवं कर्मचारियों को भुगतान का पूरा विवरण उपलब्ध कराया जाए तथा वर्षवार लंबित राशि के भुगतान की ठोस कार्ययोजना बनाई जाए।

अब संबद्ध डिग्री महाविद्यालयों के शिक्षक-कर्मचारियों की निगाहें सरकार पर टिकी हैं। उनका सीधा सवाल है कि घोषणाएं तो लगातार की जा रही हैं, लेकिन अनुदान की राशि आखिर कब मिलेगी? सरकार को केवल आश्वासन देने के बजाय समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित करना चाहिए, ताकि वर्षों से प्रतीक्षा कर रहे शिक्षकों को आर्थिक राहत मिल सके।

Related Articles

Back to top button