12 दिसंबर को लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत, सुलहनीय मामलों का होगा त्वरित निष्पादन
व्यवहार न्यायालय अररिया में सुबह 10 बजे से होगी सुनवाई, पक्षकारों से आपसी सहमति से विवाद सुलझाने की अपील
12 दिसंबर को लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत, सुलहनीय मामलों का होगा त्वरित निष्पादन
व्यवहार न्यायालय अररिया में सुबह 10 बजे से होगी सुनवाई, पक्षकारों से आपसी सहमति से विवाद सुलझाने की अपील

जे टी न्यूज, अररिया:
आम लोगों को सुलभ एवं त्वरित न्याय उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आगामी 12 दिसंबर 2026 (द्वितीय शनिवार) को व्यवहार न्यायालय परिसर, अररिया में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इसकी कार्यवाही सुबह 10 बजे से शुरू होगी। इसमें विभिन्न सुलहनीय मामलों का आपसी सहमति के आधार पर निष्पादन किया जाएगा।
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, पटना के निर्देश पर आयोजित इस लोक अदालत में लंबित विवादों का सरल एवं सौहार्दपूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
लोक अदालत की तैयारी को लेकर संबंधित पदाधिकारियों को अपने क्षेत्राधिकार के सुलहनीय मामलों में पक्षकारों को नोटिस जारी करने तथा सक्षम पदाधिकारी की उपस्थिति में मामलों को प्रस्तुत कराने का निर्देश दिया गया है। चिह्नित मामलों की अंतिम सूची 7 दिसंबर तक संबंधित कार्यालय में उपलब्ध कराने को कहा गया है, ताकि राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण को मामलों की संख्या से अवगत कराया जा सके।
जिला प्रशासन ने संबंधित पक्षकारों से राष्ट्रीय लोक अदालत में शामिल होकर आपसी सहमति से अपने मामलों का त्वरित एवं सरल समाधान कराने की अपील की है।

