दिल्ली हादसे में जान गंवाने वाले बिहारी मजदूरों के परिजनों से मिले संजय कुमार, 20-20 लाख मुआवजा और सरकारी नौकरी की मांग
खगड़िया के हनुमाननगर में पीड़ित परिवारों से की मुलाकात, कहा—मुआवजा दुख की भरपाई नहीं, लेकिन परिवारों को संभालने में मिलेगी मदद
दिल्ली हादसे में जान गंवाने वाले बिहारी मजदूरों के परिजनों से मिले संजय कुमार, 20-20 लाख मुआवजा और सरकारी नौकरी की मांग
खगड़िया के हनुमाननगर में पीड़ित परिवारों से की मुलाकात, कहा—मुआवजा दुख की भरपाई नहीं, लेकिन परिवारों को संभालने में मिलेगी मदद
जे टी न्यूज,

खगड़िया। दिल्ली के चावड़ी बाजार इलाके में पांच दिन पूर्व एक पुराने मकान के अचानक ढह जाने से उसमें काम कर रहे सात बिहारी मजदूरों की दबकर दर्दनाक मौत हो गई थी। इस हादसे में खगड़िया जिले की बोबिल पंचायत अंतर्गत हनुमाननगर गांव के पांच गरीब युवकों की भी जान चली गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और मृतकों के परिवार गहरे सदमे में हैं।
घटना के बाद पूर्व महागठबंधन प्रत्याशी, खगड़िया लोकसभा संजय कुमार अपने साथियों के साथ हनुमाननगर पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। अब तक मृतकों में मंजीत राम, बिपिन राम, दिनेश साह और पंकज शर्मा के पार्थिव शरीर दिल्ली से गांव पहुंच चुके थे, जिनका अंतिम संस्कार भी किया जा चुका है। वहीं, 22 वर्षीय संटून मुखिया का पार्थिव शरीर आज गांव पहुंचा।

इस दौरान संजय कुमार ने पीड़ित परिजनों से मिलकर अपनी संवेदना व्यक्त की और दुख की इस घड़ी में उनके साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया। मौके पर मौजूद गोगरी के अनुमंडल पदाधिकारी से उन्होंने पीड़ित परिवारों को मुआवजा दिलाने के संबंध में बातचीत की। उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर जिलाधिकारी और राज्य सरकार के स्तर पर भी जल्द पहल की जाएगी।
संजय कुमार ने कहा कि किसी भी प्रकार की आर्थिक सहायता मृतकों के परिवारों के दुख और अपूरणीय क्षति की भरपाई नहीं कर सकती, लेकिन सरकारी मुआवजा उनके जीवन को दोबारा पटरी पर लाने में मददगार साबित हो सकता है। उन्होंने इतने बड़े हादसे के बावजूद बिहार सरकार के किसी मंत्री या वरिष्ठ अधिकारी के पीड़ित परिवारों से मिलने नहीं पहुंचने पर चिंता जताई।

उन्होंने बिहार सरकार से हादसे में जान गंवाने वाले सभी मजदूरों के परिजनों को 20-20 लाख रुपये मुआवजा तथा प्रत्येक परिवार के एक आश्रित को सरकारी नौकरी देने की मांग की। साथ ही, दिल्ली सरकार से भी बिहार सरकार के माध्यम से समन्वय स्थापित कर पीड़ित परिवारों को 20-20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दिलाने की गारंटी करने की मांग की।

इस मौके पर सीपीआईएम जिला सचिवमंडल सदस्य विनय कुमार सिंह, अंचल सचिव अमरेश कुमार, युवा नेता बबलू यादव, बेलदौर नगर पंचायत पार्षद नवीन कुमार यादव, पंचायत समिति सदस्य मनोज जी, सामाजिक कार्यकर्ता रिषभ जी, प्रेम कुमार जी और अनिल जी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। सभी ने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।



