व्यवहार न्यायालय सुपौल में पोश अधिनियम पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

व्यवहार न्यायालय सुपौल में पोश अधिनियम पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

जे टी न्यूज, सुपौल: व्यवहार न्यायालय, सुपौल में पोश अधिनियम पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, महिला कर्मचारियों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से दिया सुरक्षित कार्यस्थल का संदेश माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार (DLSA), सुपौल, राजेश कुमार बच्चन के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में आज व्यवहार न्यायालय, सुपौल के कॉन्फ्रेंस हॉल में कार्यस्थल पर महिलाओं का यौन उत्पीड़न (रोकथाम, निषेध एवं निवारण) अधिनियम, 2013 (पोश एक्ट) के संबंध में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य न्यायालय परिसर में कार्यरत महिला कर्मचारियों को उनके कानूनी अधिकारों, पोश अधिनियम के प्रावधानों, शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया तथा आंतरिक समिति (Internal Committee) की भूमिका एवं जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना था, ताकि कार्यस्थल पर सुरक्षित, सम्मानजनक एवं भयमुक्त वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण महिला न्यायालय कर्मचारियों द्वारा प्रस्तुत एक अत्यंत प्रभावशाली एवं संदेशपरक नाट्य प्रस्तुति रही। इस स्किट में प्रियंका जायसवाल, कोमल बर्णवाल, प्रिया, निधि एवं अन्य महिला कर्मचारियों ने अपनी उत्कृष्ट प्रस्तुति के माध्यम से कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न की विभिन्न परिस्थितियों, महिलाओं के अधिकारों, शिकायत की प्रक्रिया तथा आंतरिक समिति की भूमिका को जीवंत रूप में प्रदर्शित किया। इस प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों को यह संदेश दिया कि किसी भी प्रकार के यौन उत्पीड़न के विरुद्ध चुप्पी के बजाय जागरूकता एवं साहस के साथ आवाज उठाना आवश्यक है।
इस अवसर पर माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश राजेश कुमार बच्चन ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, गरिमा एवं सम्मान सुनिश्चित करना प्रत्येक संस्थान की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पोश अधिनियम केवल एक कानूनी प्रावधान नहीं, बल्कि महिलाओं को भयमुक्त एवं सम्मानजनक वातावरण में कार्य करने का अधिकार प्रदान करने वाला महत्वपूर्ण कानून है। उन्होंने महिला कर्मचारियों से किसी भी प्रकार के यौन उत्पीड़न की स्थिति में बिना किसी भय या संकोच के आंतरिक समिति के समक्ष शिकायत दर्ज कराने की अपील की। उन्होंने जागरूकता, संवेदनशीलता एवं समय पर शिकायत को सुरक्षित कार्यस्थल के निर्माण का आधार बताया।


माननीय प्रधान न्यायाधीश राहुल उपाध्याय ने अपने संबोधन में महिलाओं के सुरक्षित एवं सम्मानजनक कार्यस्थल के अधिकार पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना केवल संस्थागत दायित्व ही नहीं, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य भी है। उन्होंने सभी से अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने तथा पारस्परिक सम्मान एवं संवेदनशीलता की भावना विकसित करने का आह्वान किया।जिला विधिक सेवा प्राधिकार, सुपौल के सचिव अमित गौरव ने संक्षेप में पोश अधिनियम के प्रमुख प्रावधानों, आंतरिक समिति की भूमिका तथा महिलाओं को उपलब्ध विधिक सहायता के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जागरूकता ही अधिकारों के प्रभावी संरक्षण का प्रथम कदम है तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकार महिलाओं को आवश्यक विधिक सहायता एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम के अंत में नंदिता कुमारी, अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी, सुपौल ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया तथा कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी न्यायिक पदाधिकारियों, आंतरिक समिति के सदस्यों एवं न्यायालय कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर जिला एवं अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीशगण राकेश कुमार, कौशल किशोर, अभिषेक रंजन एवं तेज प्रताप सिंह; अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी मो. अफजल आलम; प्रधान दंडाधिकारी, किशोर न्याय बोर्ड, श्री शोभित सौरव; अनुमंडल न्यायिक दंडाधिकारी निधि जायसवाल; न्यायिक दंडाधिकारीगण श्वेताभ सांडिल्य, राखी कुमारी एवं प्रकाश आनंद; मुंसिफ सुदीप पांडेय; आंतरिक समिति के सदस्यगण, न्यायालय के लिपिकीय एवं अन्य कर्मचारी तथा पारा विधिक स्वयंसेवक (PLVs) उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन कार्यस्थल पर महिलाओं की गरिमा, समानता, सुरक्षा एवं पारस्परिक सम्मान सुनिश्चित करने तथा यौन उत्पीड़न के प्रति शून्य सहिष्णुता (Zero Tolerance) की भावना अपनाने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।

Related Articles

Back to top button