भारत-नेपाल बॉर्डर पर एसएसबी 45 वीं वाहिनी ने मानव तस्कर से दो नाबालिक युवतियों को कराया मुक्त

भारत-नेपाल बॉर्डर पर एसएसबी 45 वीं वाहिनी ने मानव तस्कर से दो नाबालिक युवतियों को कराया मुक्त

-युवतियों को एनजीओ तथा गिरफ्तार तस्कर को भीमनगर थाना को किया सुपुर्द

 

जे टी न्यूज़ सुपौल शिव शंकर प्रसाद । 45 वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल वीरपुर के द्वारा सीमा क्षेत्र में गैरकानूनी गतिविधियों की रोकथाम हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सीमा चौकी शैलेशपुर के चेक पोस्ट पर ड्यूटी के दौरान आने-जाने वाले व्यक्तियों की सघन जांच की जा रही थी। इसी क्रम में एक व्यक्ति के साथ दो नाबालिग लड़कियों को रोककर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान व्यक्ति ने अपना नाम बशीर अहमद दोइए, ग्राम-अनंतनाग, जिला-पहलगाम,जम्मू-कश्मीर बताया। प्रारंभिक जांच में एक बालिका द्वारा गलत जन्म प्रमाण पत्र प्रस्तुत किया गया। गहन पूछताछ के दौरान ज्ञात हुआ कि उसकी वास्तविक उम्र लगभग 15 वर्ष है। दूसरी बालिका को उसकी बहन बताया गया, परंतु इसका कोई प्रमाण प्रस्तुत नहीं किया जा सका।

आरोपी द्वारा यह भी बताया गया कि उसने लगभग 2 वर्ष पूर्व एक बालिका से विवाह किया है तथा दोनों को अपने साथ कश्मीर ले जा रहा है, किन्तु विवाह संबंधी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया। मामला संदिग्ध प्रतीत होने तथा पूर्व में इस प्रकार के मामलों की पुनरावृत्ति को देखते हुए दोनों नाबालिग लड़कियों को सुरक्षित रूप से रेस्क्यू किया गया। घटना की सूचना उच्च अधिकारियों को देने के साथ- साथ स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग को भी अवगत कराया गया। तत्पश्चात एनजीओ सर्वो प्रयास संस्थान (मधुबनी) एवं एनजीओ कोकून (नेपाल) की उपस्थिति में आवश्यक दस्तावेज तैयार किए गए तथा समस्त कार्रवाई के दौरान माननीय सर्वोच्च न्यायालय एवं मानवाधिकार आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन किया गया।

अंततः दोनों नाबालिग बालिकाओं एवं आरोपी व्यक्ति को अग्रिम विधिक कार्रवाई हेतु थाना भीमनगर को विधिवत सुपुर्द कर दिया गया। इस अभियान में सहायक उप निरीक्षक/सामान्य नंदलाल, मानव तस्करी विरोधी इकाई की उप निरीक्षक/सामान्य भावना एवं अन्य कार्मिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button