शिक्षक नियोजन इकाई की अध्यक्ष सह प्रखंड प्रमुख ने विद्यालयों का किया औचक निरीक्षण

शिक्षक नियोजन इकाई की अध्यक्ष सह प्रखंड प्रमुख ने विद्यालयों का किया औचक निरीक्षण

जे टी न्यूज, पुरैनी/मधेपुरा:
प्रखंड मुख्यालय स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय पुरैनी एवं उत्क्रमित मध्य विद्यालय डुमरैल में शुक्रवार की सुबह प्रखंड शिक्षक नियोजन इकाई की अध्यक्ष सह प्रखंड प्रमुख रेखा पंडित ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालयों में संचालित मिड डे मील योजना की गुणवत्ता, खाद्य सामग्री की ताजगी, भोजन निर्माण में बरती जा रही स्वच्छता, रसोई घर की स्थिति तथा भोजन वितरण व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया गया। जांच के क्रम में विद्यालयों में बच्चों की उपस्थिति अपेक्षाकृत कम पाई गई। इस पर प्रमुख रेखा पंडित ने संबंधित शिक्षकों एवं विद्यालय प्रबंधन को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए अभिभावकों से सतत संपर्क बनाए रखें। साथ ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं मिड डे मील व्यवस्था को बेहतर तरीके से संचालित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा समय-समय पर निरीक्षण जारी रहेगा। निरीक्षण के दौरान विद्यालय परिसर की साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था एवं बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का भी अवलोकन किया गया और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए।

Related Articles

Back to top button