साइकिल पर सवार जवानों ने दिया फिटनेस का संदेश “स्वस्थ शरीर – सशक्त राष्ट्र” के नारों से गूंजा अररिया शहर

साइकिल पर सवार जवानों ने दिया फिटनेस का संदेश
“स्वस्थ शरीर – सशक्त राष्ट्र” के नारों से गूंजा अररिया शहर

जे टी न्यूज़, अररिया : फिटनेस, अनुशासन और जन-जागरूकता का अनूठा संगम रविवार को उस समय देखने को मिला, जब 52वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, अररिया द्वारा “फिट इंडिया मूवमेंट” के तहत “संडे ऑन साइकिल” रैली का आयोजन किया गया। कमांडेंट मितुल कुमार के निर्देशन में आयोजित इस अभियान में जवानों ने पूरे उत्साह और ऊर्जा के साथ भाग लेकर शहरवासियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया।
वाहिनी मुख्यालय से शुरू हुई यह साइकिल रैली बस स्टैंड, महादेव चौक एवं नहर रोड मार्ग से गुजरते हुए पुनः मुख्यालय पहुंचकर संपन्न हुई। रैली के दौरान जवानों के जोश, अनुशासन और फिटनेस संदेश ने राहगीरों का ध्यान आकर्षित किया।
“फिट रहें – हिट रहें” और “स्वस्थ शरीर – सशक्त राष्ट्र” जैसे नारों के साथ जवानों ने लोगों को नियमित व्यायाम, साइकिलिंग और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। सीमावर्ती क्षेत्र के युवाओं एवं नागरिकों को स्वास्थ्य के प्रति सजग करने के उद्देश्य से आयोजित इस अभियान को लोगों ने भी सराहा।


इस अवसर पर कमांडेंट मितुल कुमार ने कहा कि आधुनिक जीवनशैली में फिट रहना बेहद जरूरी हो गया है। उन्होंने कहा कि साइकिलिंग न केवल शरीर को स्वस्थ रखती है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने युवाओं और ग्रामीणों से फिटनेस को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की।
कार्यक्रम में द्वितीय कमान अधिकारी पी. नुपजाओ सिंह, उप कमांडेंट उदय कुमार, सहायक कमांडेंट प्रमोद कुमार, निरीक्षक कँवर लाल सहित बड़ी संख्या में बल कार्मिक उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में जवानों का उत्साह देखते ही बन रहा था और शहर में फिट इंडिया अभियान का संदेश प्रभावी रूप से पहुंचा।

Related Articles

Back to top button