राजधानी एक्सप्रेस से 26 किलो गांजा के साथ एक युवक गिरफ्तार
राजधानी एक्सप्रेस से 26 किलो गांजा के साथ एक युवक गिरफ्तार

जे टी न्यूज, समस्तीपुर(मदन मोहन): रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट समस्तीपुर की सतर्कता से राजधानी एक्सप्रेस में बड़ी कार्रवाई सामने आई है। गाड़ी संख्या 20503 राजधानी एक्सप्रेस से 26 किलोग्राम गांजा बरामद करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 15/16 जुलाई 2026 की रात्रि मार्गरक्षण ड्यूटी से लौट रहे प्रधान आरक्षी शिवचन्द्र कुमार (रेसुब पोस्ट मुजफ्फरपुर) एवं आरक्षी श्याम जीवन कुमार (मंडल रिजर्व कंपनी, समस्तीपुर) समस्तीपुर स्टेशन पर शाम करीब 18:17 बजे पहुंचे। इसी दौरान कोच संख्या H-01 से एक युवक संदिग्ध स्थिति में तेजी से उतरकर बाहर जाने का प्रयास करने लगा। जैसे ही उसकी नजर आरपीएफ टीम पर पड़ी, वह घबराकर पुनः कोच में चढ़ने लगा।
संदेह होने पर आरपीएफ टीम ने उसे रोककर पूछताछ की। पूछताछ में युवक ने अपना नाम अरमान आलम (19 वर्ष), पिता मकबूल आलम, निवासी ग्राम मटियारा, थाना गिद्धा ओपी, जिला भोजपुर (आरा) बताया। उसके बैग की जांच करने पर उसने स्वीकार किया कि उसमें गांजा रखा है।
ट्रेन के आगे बढ़ जाने के कारण आरपीएफ टीम आरोपी को अपने साथ मुजफ्फरपुर तक ले गई और बाद में गाड़ी संख्या 11062 से समस्तीपुर लाकर विधिवत कार्रवाई की गई। एनडीपीएस अधिनियम के तहत अनुमंडल दंडाधिकारी के आदेश पर कार्यपालक दंडाधिकारी राजकिशोर प्रसाद शर्मा की उपस्थिति में तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान ट्रॉली बैग से 15 किलो व 2 किलो के दो पैकेट तथा पिट्ठू बैग से 9 किलो इस प्रकार कुल 3 पैकेट में 26 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया। इसके अलावा एक मोबाइल फोन, ₹800 नगद, ईयरबड एवं निजी सामान भी बरामद हुआ।

नियमानुसार प्रत्येक पैकेट से नमूना लेकर जब्ती सूची तैयार की गई और पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर समस्त बरामद सामग्री एवं कागजात के साथ आगे की कार्रवाई के लिए राजकीय रेल थाना, समस्तीपुर को सौंप दिया गया है, जहां मामले की जांच जारी है।
