संसद मार्च पर बवाल: जंतर-मंतर से संसद की ओर बढ़े प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज, बैरिकेड टूटे, कई घायल
संसद मार्च पर बवाल: जंतर-मंतर से संसद की ओर बढ़े प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज, बैरिकेड टूटे, कई घायल

जे टी न्यूज, नई दिल्ली(मदन मोहन ): संसद के मानसून सत्र के पहले दिन प्रस्तावित “संसद चलो” मार्च के दौरान सोमवार को राजधानी दिल्ली में हालात तनावपूर्ण हो गए। जंतर-मंतर से संसद की ओर कूच कर रहे प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए दिल्ली पुलिस और सुरक्षा बलों ने कई स्थानों पर बैरिकेडिंग की थी। जब प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड हटाकर आगे बढ़ने का प्रयास किया तो पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी झड़प हो गई। इसके बाद भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लाठीचार्ज के दौरान अफरा-तफरी मच गई। कई प्रदर्शनकारियों के सिर और शरीर पर चोटें आईं। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में घायल प्रदर्शनकारियों को साथी कार्यकर्ता सुरक्षित स्थानों पर ले जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने हालात पर काबू पाने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल और रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) को भी मौके पर तैनात किया।
प्रदर्शनकारियों का दावा है कि वे शांतिपूर्ण ढंग से संसद की ओर बढ़ रहे थे, जबकि पुलिस का कहना है कि संसद क्षेत्र में लागू प्रतिबंधों और बिना अनुमति मार्च को रोकने के लिए कार्रवाई की गई। इससे पहले दिल्ली पुलिस ने स्पष्ट कर दिया था कि संसद मार्च के लिए कोई अनुमति नहीं दी गई है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
आंदोलन का नेतृत्व कर रहे अभिजीत दीपके ने लाठीचार्ज के बाद कहा कि आंदोलन नहीं रुकेगा और प्रदर्शनकारी अपनी मांगों के लिए संघर्ष जारी रखेंगे।

वहीं, सोनम वांगचुक अस्पताल में होने के कारण मौके पर मौजूद नहीं हैं, लेकिन उनके समर्थन में बड़ी संख्या में छात्र, युवा, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और विभिन्न राज्यों से आए लोग प्रदर्शन में शामिल हुए।
संसद के मानसून सत्र को देखते हुए नई दिल्ली जिले में सुरक्षा व्यवस्था अभूतपूर्व स्तर पर रखी गई है। संसद मार्ग, जनपथ और आसपास के क्षेत्रों में भारी पुलिस बल तैनात है। एहतियात के तौर पर कुछ मेट्रो स्टेशनों पर भी प्रतिबंध लगाए गए हैं और पूरे घटनाक्रम पर प्रशासन लगातार नजर बनाए हुए है।

फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में बताई जा रही है। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच आमना-सामना जारी है तथा हिरासत में लिए गए लोगों और घायलों की संख्या को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।

