वीमेंस कॉलेज, समस्तीपुर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 80वाँ स्वतंत्रता दिवस

वीमेंस कॉलेज, समस्तीपुर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 80वाँ स्वतंत्रता दिवस

जे टी न्यूज, समस्तीपुर: वीमेंस कॉलेज, समस्तीपुर में 80वाँ स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय गीत, ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रो.-इन-चार्ज प्रो. राजेश कुमार रंजन ने शिक्षकों, शिक्षकेत्तर कर्मियों एवं छात्राओं को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग एवं बलिदान को स्मरण किया।
अपने संबोधन में प्रधानाचार्य ने कहा कि स्वतंत्रता केवल राजनीतिक आजादी का नाम नहीं है, बल्कि शिक्षा, आत्मनिर्भरता, समान अवसर और जिम्मेदार नागरिक बनने की स्वतंत्रता भी इसका महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कहा कि हमारे स्वतंत्रता सेनानियों ने हमें स्वतंत्र भारत दिया है और अब यह हमारी जिम्मेदारी है कि हम अपने ज्ञान, कर्म और चरित्र से एक सशक्त एवं विकसित भारत का निर्माण करें।
उन्होंने कहा कि महाविद्यालय केवल ईंट-पत्थर की इमारत नहीं, बल्कि राष्ट्र के भविष्य के निर्माण का केंद्र है। शिक्षकों की भूमिका केवल पाठ्यक्रम पूरा करने तक सीमित नहीं है। एक शिक्षक विद्यार्थियों में सोचने, प्रश्न करने, निर्णय लेने और नेतृत्व करने की क्षमता विकसित करता है। उन्होंने सभी शिक्षकों से कक्षाओं को अधिक प्रभावी, जीवंत एवं विद्यार्थी-केंद्रित बनाने का आह्वान किया।
प्रधानाचार्य ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि “आप केवल अपने परिवार की बेटियाँ नहीं, बल्कि देश के भविष्य की निर्माता हैं।” उन्होंने छात्राओं से नियमित कक्षा में उपस्थित रहने, अनुशासन का पालन करने, शिक्षकों का सम्मान करने तथा अध्ययन के साथ-साथ खेल, संस्कृति, एनएसएस, शोध एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में केवल डिग्री पर्याप्त नहीं है। छात्राओं को ज्ञान के साथ कौशल, तकनीकी दक्षता, आत्मविश्वास एवं नेतृत्व क्षमता विकसित करनी होगी। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में स्मार्ट बोर्ड, डिजिटल शिक्षण, प्रायोगिक शिक्षा एवं आधुनिक तकनीक के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का वातावरण विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रधानाचार्य ने कहा कि महाविद्यालय के विकास की यात्रा सामूहिक प्रयास से ही संभव है। उन्होंने सभी शिक्षकगण, शिक्षकेत्तर कर्मियों एवं छात्राओं को उनके निरंतर सहयोग के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि आने वाले समय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, डिजिटल शिक्षा, शोध एवं नवाचार, कौशल विकास तथा छात्र सहायता को और मजबूत किया जाएगा।


उन्होंने कहा—“हम साथ चलेंगे तो महाविद्यालय आगे बढ़ेगा, महाविद्यालय आगे बढ़ेगा तो हमारी छात्राएँ आगे बढ़ेंगी और हमारी छात्राएँ आगे बढ़ेंगी तो बिहार और भारत आगे बढ़ेगा।”
इस अवसर पर संगीत विभाग की छात्राओं ने राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान गायन किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्राएँ उपस्थित रहीं। इस अवसर पर भूतपूर्व प्रोफेसर डॉ बीगन राम,डॉ सोनी सलोनी, मीडिया प्रभारी डॉ सुरेश साह , डॉ विजय गुप्ता, डॉ नेहा कुमारी जायसवाल, डॉ मधुलिका मिश्रा, प्रोफेसर फरहत जबीं, डॉ कुमारी अनु,डॉ रिंकी कुमारी, डॉ अपूर्वा मुले, डॉ संगीता, डॉ शालिनी, डॉ रंजन कुमार, डॉ कविता वर्मा, डॉ पूनम कुमारी, डॉ काजल श्रीवास्तव, प्रोफेसर पूनम कुमारी,डॉ सोनी सिन्हा, डॉ संगीता कुमारी, डॉ आभा कुमारी, डॉ कल्पना सिंह , डॉ सुनीता कुमारी , डॉ ऋतु सांगवान,डॉ स्मिता कुमारी, डॉ रेखा कुमारी, डॉ स्वीटी दर्शन, डॉ शबनम, राधा कुमारी, सुसेन कुमार, सहित शिक्षक गण शिक्षेतर कर्मचारी एवं भारी संख्या में छात्राएं उपस्थित थीं।
कार्यक्रम का समापन “जय हिन्द, जय भारत और वंदे मातरम्” के उद्घोष के साथ हुआ।

Related Articles

Back to top button