बाणसागर के 8 गेट खुले,सोन नदी में छोड़ा जा रहा 3277 क्यूमेक्स पानी
रोहतास में बढ़ सकता है सोन का जलस्तर जिला प्रशासन ने जारी किया अलर्ट—नदी किनारे जाने से बचें
बाणसागर के 8 गेट खुले,सोन नदी में छोड़ा जा रहा 3277 क्यूमेक्स पानी
रोहतास में बढ़ सकता है सोन का जलस्तर जिला प्रशासन ने जारी किया अलर्ट—नदी किनारे जाने से बचें

जे टी न्यूज़, एन बाबा ,सासाराम(रोहतास) : मध्य प्रदेश के कैचमेंट क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश और बाणसागर जलाशय में तेजी से बढ़ रही जल आवक को देखते हुए जलस्तर को निर्धारित सीमा में बनाए रखने के लिए बाणसागर डैम के कुल 8 रेडियल गेट खोल दिए गए हैं। जानकारी के अनुसार, 30 अगस्त 2026 को दोपहर 12 बजे बाणसागर डैम के 6 रेडियल गेट खोले गए थे। वहीं जल आवक और जलस्तर में लगातार वृद्धि को देखते हुए रात 8 बजे 2 अतिरिक्त रेडियल गेट खोलने का निर्णय लिया गया। अब कुल 8 गेट 2-2 मीटर तक खुले रहेंगे। इन गेटों के माध्यम से करीब 3277 क्यूमेक्स पानी सोन नदी में छोड़ा जा रहा है। यदि जल आवक और जलस्तर में और वृद्धि होती है तो स्पिल ओवर के जरिए इससे भी अधिक मात्रा में पानी सोन नदी में छोड़ा जा सकता है।
* इंद्रपुरी डैम तक पहुंचेगा पानी, सोन किनारे रहने वालों को सतर्क रहने की अपील
बाणसागर डैम से छोड़ा गया पानी सोन नदी के रास्ते रोहतास जिले के इंद्रपुरी डैम तक पहुंचेगा। संभावित जल वृद्धि को देखते हुए जिला प्रशासन,रोहतास ने सोन नदी के डाउनस्ट्रीम इलाके में रहने वाले लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। प्रशासन ने आम लोगों से सोन नदी और उसके आसपास के क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से नहीं जाने,नदी से पर्याप्त दूरी बनाए रखने तथा बच्चों को नदी के पास जाने से रोकने की अपील की है। वहीं पशुपालकों को भी विशेष रूप से सावधान करते हुए अपने मवेशियों को नदी के किनारे अथवा टीलों पर नहीं ले जाने की सलाह दी गई है।

प्रशासन की अपील—सतर्क रहें, सुरक्षित रहें
जिला प्रशासन ने लोगों से संभावित जल वृद्धि को देखते हुए प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और किसी भी तरह का जोखिम नहीं उठाने की अपील की है। सोन नदी का जलस्तर बढ़ने की स्थिति में नदी किनारे रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है।

