दरभंगा शिक्षक सीट पर एनडीए की सक्रियता तेज, घनश्याम राय के समर्थन में बेगूसराय में जुटे घटक दलों के नेता
दरभंगा शिक्षक सीट पर एनडीए की सक्रियता तेज, घनश्याम राय के समर्थन में बेगूसराय में जुटे घटक दलों के नेता

बेगूसराय, 29 सितंबर 2026। दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। एनडीए समर्थित जदयू उम्मीदवार डॉ. घनश्याम राय के समर्थन में मंगलवार को बेगूसराय के कंकौल स्थित बी.पी. मंडल सभागार में एनडीए के घटक दलों के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक में चुनावी रणनीति, शिक्षक मतदाताओं से संपर्क और संगठनात्मक समन्वय को लेकर चर्चा हुई।
बैठक की अध्यक्षता जदयू जिलाध्यक्ष नंदलाल राय ने की, जबकि संचालन भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव वर्मा ने किया। बैठक में राष्ट्रीय लोक मोर्चा, लोजपा, हम, भाजपा और जदयू सहित एनडीए से जुड़े नेताओं की मौजूदगी रही।
बैठक में शामिल नेताओं ने कहा कि डॉ. घनश्याम राय के समर्थन में एनडीए के घटक दल समन्वय के साथ चुनाव अभियान चलाएंगे। नेताओं ने प्रखंड स्तर तक संगठन को सक्रिय करने और शिक्षक मतदाताओं से व्यापक संपर्क स्थापित करने की बात कही।

जदयू जिलाध्यक्ष नंदलाल राय ने कहा कि चुनाव अभियान को शालीनता, अनुशासन और लोकतांत्रिक तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने मतदाता सूची का अध्ययन कर शिक्षक मतदाताओं से व्यक्तिगत संपर्क स्थापित करने की रणनीति पर जोर दिया। बैठक में उपस्थित एनडीए नेताओं ने इस अभियान को लेकर सहमति जताई।
शिक्षकों के मुद्दों को प्राथमिकता देने का दावा
बैठक में डॉ. घनश्याम राय ने कहा कि यदि उन्हें शिक्षकों का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलता है तो वे शिक्षकों से जुड़े लंबित, आवश्यक एवं जनहितकारी मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाएंगे। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयास किया जाएगा तथा शिक्षा एवं शिक्षकों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से संबंधित मंचों पर उठाने का
प्रयास रहेगा।
बैठक में वक्ताओं ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में शिक्षा एवं शिक्षकों के हित में किए गए कार्यों को आगे बढ़ाने की आवश्यकता बताई। साथ ही केंद्र सरकार से जुड़े शिक्षा एवं शिक्षक हित के कार्यों को भी चुनावी चर्चा का हिस्सा बनाया गया।
पूर्व विधायक मटिहानी राजकुमार सिंह, पूर्व मेयर एवं वर्तमान प्रतिनिधि संजय सिंह, लोकसभा प्रभारी शिवनंदन सिंह, दरभंगा विधायक ईश्वर मंडल, दरभंगा क्षेत्र के स्नातक एमएलसी सर्वेश कुमार, रालोमो जिलाध्यक्ष दिलीप कुशवाहा, लोजपा जिलाध्यक्ष प्रेम कुमार पासवान, हम जिलाध्यक्ष पीयूष कुमार, तेघड़ा के रजनीश कुमार सहित अन्य नेताओं ने बैठक को संबोधित किया।

बैठक के अंत में एनडीए के विभिन्न घटक दलों के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने संगठनात्मक समन्वय के साथ चुनावी अभियान को आगे बढ़ाने और शिक्षक मतदाताओं से संपर्क स्थापित करने की रणनीति पर सहमति जताई।
इस अवसर पर कुन्दन कुमार सिन्हा उर्फ पिंटू, पंकज कुमार राय, संजय सिंह, अजय पासवान, रीना चौधरी, पिंकी कुमारी, संगीता, निशा देवी, मोनिका, अर्चना कुमारी, राधा शर्मा, कुमारी सुष्मिता, अरुण महतो, धर्मेंद्र, अमरेश राय सहित विभिन्न प्रखंडों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

