स्नातक-शिक्षक निर्वाचन की तैयारियों की डीएम ने की समीक्षा, लापरवाही पर सख्ती के निर्देश
स्वच्छ, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण चुनाव के लिए सभी कोषांगों को समयबद्ध तैयारी पूरी करने का निर्देश
स्नातक-शिक्षक निर्वाचन की तैयारियों की डीएम ने की समीक्षा, लापरवाही पर सख्ती के निर्देश
स्वच्छ, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण चुनाव के लिए सभी कोषांगों को समयबद्ध तैयारी पूरी करने का निर्देश

जे टी न्यूज, समस्तीपुर: बिहार विधान परिषद के स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक निर्वाचन 2026 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय सभागार में निर्वाचन तैयारियों की समीक्षा बैठक हुई।
बैठक में निर्वाचन कार्य के लिए गठित विभिन्न कोषांगों के प्रभारी पदाधिकारियों से अब तक की गई तैयारियों की बिंदुवार जानकारी ली गई। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग एवं निर्वाचन विभाग, बिहार के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
डीएम ने कहा कि निर्वाचन एक महत्वपूर्ण संवैधानिक प्रक्रिया है। सभी कोषांग अपने दायित्वों का निर्वहन गंभीरता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ करें। निर्वाचन कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में कार्मिक कोषांग को मतदान एवं अन्य निर्वाचन कार्यों के लिए कर्मियों की उपलब्धता, प्रतिनियुक्ति और प्रशिक्षण की प्रक्रिया समय पर पूरी करने का निर्देश दिया गया। परिवहन कोषांग को पर्याप्त वाहनों की व्यवस्था तथा सामग्री कोषांग को निर्वाचन सामग्री की उपलब्धता, सुरक्षित भंडारण और मतदान दलों तक समय पर पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

प्रेक्षक कोषांग को निर्वाचन प्रेक्षकों से संबंधित व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने तथा निर्वाचन कोषांग को आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सभी प्रक्रियाओं का समन्वय कर समय पर पूरा करने का निर्देश दिया गया।
मीडिया कोषांग को निर्वाचन से संबंधित अधिकृत एवं प्रमाणिक सूचनाओं का समयबद्ध प्रसार करने तथा मतदाताओं को निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़ी आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने सभी कोषांगों के प्रभारी पदाधिकारियों को आपसी समन्वय एवं नियमित अनुश्रवण के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि निर्वाचन की प्रत्येक प्रक्रिया में आयोग के दिशा-निर्देशों और निर्धारित मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह, अपर समाहर्ता ब्रजेश कुमार, अपर समाहर्ता, आपदा प्रबंधन राजेश सिंह सहित विभिन्न कोषांगों के प्रभारी पदाधिकारी एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।


