स्काउट-गाइड के हुनर से गदगद हुए जिले के आला अधिकारी,
डीडीसी ने मेडल और मोमेंटो देकर बढ़ाया प्रतिभागियों का हौसला
स्काउट-गाइड के हुनर से गदगद हुए जिले के आला अधिकारी,
डीडीसी ने मेडल और मोमेंटो देकर बढ़ाया प्रतिभागियों का हौसला
जे टी न्यूज, सासाराम(रोहतास)एन बाबा : भारत स्काउट और गाइड के प्रशिक्षण शिविर में स्काउट्स एवं गाइड्स के अनुशासन, सेवा भावना और नेतृत्व क्षमता का ऐसा प्रदर्शन देखने को मिला कि जिले के आला अधिकारी भी उनकी प्रतिभा के कायल हो गए। शिविर का अवलोकन करने पहुंचे उप विकास आयुक्त (डीडीसी)डॉ.आकांक्षा आनंद(आईएएस) जिला शिक्षा पदाधिकारी मदन राय, डीआरडीए निदेशक एवं डीपीओ माध्यमिक जय कुमार सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने स्काउट-गाइड की गतिविधियों की जमकर सराहना की।
भारत स्काउट और गाइड,रोहतास के तत्वावधान में जिला संगठन आयुक्त अरविंद कुमार सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस प्रशिक्षण शिविर में अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इसके बाद अधिकारियों ने शिविर की विभिन्न गतिविधियों का जायजा लिया और प्रतिभागियों के प्रशिक्षण, कार्यकुशलता तथा टीम भावना को करीब से देखा। इस दौरान डीडीसी डॉ. आकांक्षा आनंद ने बेहतर प्रदर्शन करने वाले स्काउट्स एवं गाइड्स को मेडल और मोमेंटो देकर सम्मानित किया। अधिकारियों ने कहा कि स्काउटिंग केवल एक प्रशिक्षण गतिविधि नहीं,बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण का सशक्त माध्यम है। इससे बच्चों में अनुशासन,आत्मनिर्भरता,नेतृत्व क्षमता, राष्ट्रप्रेम और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है अधिकारियों ने संस्था के कार्यों की प्रशंसा करते हुए भविष्य में बेहतर प्रदर्शन और उत्कृष्ट सामाजिक कार्यों के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया। वहीं, जिला संगठन आयुक्त अरविंद कुमार सिंह ने अतिथियों के मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन के लिए आभार जताते हुए कहा कि शिविर का मुख्य उद्देश्य युवाओं में सेवा,अनुशासन,नेतृत्व और राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करना है।

प्रशिक्षण शिविर में टोली नायक के रूप में विनायक कुमार,प्रिंस कुमार,रविशंकर कुमार,अंकित कुमार,कृष्ण कुमार यादव, आरिफ अली,अनुज कुमार,अनमोल कुमार,आदर्श कुमार,पवन तिवारी, आशुतोष कुमार,हरिओम कुमार, अभिषेक शर्मा एवं रितेश कुमार ने अपनी भूमिका निभाई। वहीं गाइड में दीप रानी राज,रौशन आरा,काजल कुमारी,लक्की कुमारी,सलोनी कुमारी एवं अंजली कुमारी सहित सैकड़ों स्काउट्स और गाइड्स की उपस्थिति रही। शिविर के सफल आयोजन पर प्रशिक्षकों, प्रतिभागियों और आयोजकों को बधाई दी गई। अधिकारियों के प्रोत्साहन और सम्मान से स्काउट्स एवं गाइड्स का उत्साह बढ़ा और शिविर में सेवा तथा अनुशासन के संकल्प को और मजबूती मिली।


