सबिता कुमारी दुष्कर्म-हत्याकांड की न्यायिक जांच की मांग, 25 अक्टूबर को अनशन करेगी माकपा
सबिता कुमारी दुष्कर्म-हत्याकांड की न्यायिक जांच की मांग, 25 अक्टूबर को अनशन करेगी माकपा
एक सप्ताह में कार्रवाई नहीं होने पर सिल्ली बंद करने की चेतावनी, माकपा और किसान सभा की जांच टीम ने परिजनों से मिलकर ली घटना की जानकार

जे टी न्यूज,
माड़दू, सिल्ली (रांची), 20 अक्टूबर 2026: झारखंड के रांची जिले के सिल्ली क्षेत्र अंतर्गत माड़दू गांव में सबिता कुमारी के कथित दुष्कर्म और हत्या के मामले को लेकर भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) (माकपा) एवं झारखंड राज्य किसान सभा की संयुक्त जांच टीम मंगलवार को पीड़िता के घर पहुंची। टीम ने मृतका के माता-पिता और परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली तथा मामले की न्यायिक जांच कराने, दोषियों को गिरफ्तार करने और कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।
माकपा राज्य सचिव मंडल सदस्य एवं झारखंड राज्य किसान सभा के महासचिव सुफल महतो ने कहा कि सबिता कुमारी के मामले में सच्चाई सामने लाने और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए निष्पक्ष जांच जरूरी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई नहीं हुई, तो पार्टी और किसान सभा आंदोलन तेज करेगी।
परिजनों ने सुनाई घटना की जानकारी
जांच टीम को मृतका के पिता पुसुराम महतो ने बताया कि उनकी साढ़े 17 वर्षीय बेटी सबिता कुमारी को कथित तौर पर उसके 25 वर्षीय भतीजे भगवान दास महतो ने फोन कर बुलाया था और झाड़ियों की ओर ले गया था। उनके अनुसार, सबिता के साथ गया आठ वर्षीय मयन भी घटना के दौरान घायल हो गया। आरोप है कि उसके सिर पर पत्थर से हमला किया गया, जिससे वह बेहोश हो गया। होश आने के बाद उसने घर पहुंचकर घटना की जानकारी दी।
पुसुराम महतो के मुताबिक, परिवार के सदस्यों ने सबिता की तलाश की। काफी खोजबीन के बाद उन्होंने मुरी ओपी पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस और ग्रामीणों ने तलाश की, तो शाम करीब साढ़े सात से आठ बजे के बीच झाड़ियों में सबिता का शव मिला।
परिजनों ने कपड़ों की स्थिति का हवाला देते हुए दुष्कर्म के बाद गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई है। उन्होंने यह भी आशंका व्यक्त की कि घटना में नामजद आरोपी के अलावा अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं। हालांकि, घटना के सभी पहलुओं और आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

न्यायिक जांच और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग
माकपा और किसान सभा की जांच टीम ने मामले की न्यायिक जांच कराकर घटना का खुलासा करने, सभी आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। टीम ने कहा कि मामले में निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।
25 अक्टूबर को अनशन, कार्रवाई नहीं हुई तो सिल्ली बंद
सुफल महतो ने घोषणा की कि सबिता कुमारी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर 25 अक्टूबर को भगत सिंह चौक पर माकपा और किसान सभा की ओर से अनशन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि इसके बाद भी एक सप्ताह के भीतर मामले में ठोस कार्रवाई नहीं होती है, तो सिल्ली बंद का आंदोलन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस मामले में न्याय सुनिश्चित करना और दोषियों को कानून के अनुसार सजा दिलाना जरूरी है। संगठनों ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की अपील की।
जांच टीम में ये लोग रहे शामिल
जांच टीम में झारखंड जनवादी महिला समिति की जिला अध्यक्ष एवं पूर्व जिला परिषद सदस्य रंगोवती देवी, माकपा राज्य सचिव मंडल सदस्य सह झारखंड राज्य किसान सभा के महासचिव सुफल महतो, माकपा जिला कमिटी सदस्य अमर महली और अरुण महतो, जिला किसान काउंसिल सदस्य चितरंजन महतो एवं जितेंद्र महतो तथा पूर्व पंचायत समिति सदस्य दशरथ महतो सहित अन्य लोगन9 शामिल थे।
