तेजस्वी यादव ने महागठबंधन नेताओं के साथ राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन
चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल, कथित ‘वोट चोरी’ और चुनावी धांधली की जांच की मांग
तेजस्वी यादव ने महागठबंधन नेताओं के साथ राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन
चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल, कथित ‘वोट चोरी’ और चुनावी धांधली की जांच की मांग

जे टी न्यूज, पटना:बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर महागठबंधन ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन को साझा ज्ञापन सौंपा। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के नेतृत्व में महागठबंधन के विभिन्न घटक दलों के नेताओं ने राज्यपाल से मुलाकात कर विपक्ष की चिंताओं से उन्हें अवगत कराया।
महागठबंधन नेताओं ने ज्ञापन में चुनाव आयोग की कथित पक्षपातपूर्ण कार्यप्रणाली, बिहार चुनाव में भाजपा-जदयू के साथ कथित मिलीभगत, चुनावी प्रक्रिया में कथित धांधली और ‘वोट चोरी’ जैसे मुद्दे उठाए। नेताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार की कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल उठाए और आरोप लगाया कि उनके कुछ निर्णय एनडीए के पक्ष में रहे हैं।
तेजस्वी यादव ने कहा कि विपक्ष लोकतांत्रिक एवं निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया को लेकर अपनी चिंताओं को लगातार सामने रख रहा है। उन्होंने कहा कि चुनाव में प्रत्येक मतदाता के मताधिकार की सुरक्षा और निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता लोकतंत्र के लिए आवश्यक है।

महागठबंधन के नेताओं ने राज्यपाल से पूरे मामले का संज्ञान लेने तथा निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं निष्पक्षता सुनिश्चित कराने की दिशा में आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया।
ज्ञापन सौंपने के दौरान महागठबंधन के विभिन्न घटक दलों के नेता एवं वरिष्ठ कार्यकर्ता मौजूद रहे।


