‘कलरव’ में छात्राओं ने बिखेरे प्रतिभा के रंग, गीत-संगीत और नृत्य से सजा महाविद्यालय परिसर
एस.के.एम. कॉलेज में सांस्कृतिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन, उत्कृष्ट प्रस्तुतियों के लिए छात्राओं को पुरस्कार व प्रमाण-पत्र देकर किया गया
‘कलरव’ में छात्राओं ने बिखेरे प्रतिभा के रंग, गीत-संगीत और नृत्य से सजा महाविद्यालय परिसर
एस.के.एम. कॉलेज में सांस्कृतिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन, उत्कृष्ट प्रस्तुतियों के लिए छात्राओं को पुरस्कार व प्रमाण-पत्र देकर किया गया

जे टी न्यूज, बेगूसराय: एस.के.एम. कॉलेज में छात्राओं की कला एवं रचनात्मक प्रतिभा को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से ‘कलरव’ सांस्कृतिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय की छात्राओं ने पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ भाग लेते हुए गायन, नृत्य, कविता, शायरी, चित्रकला एवं अन्य सांस्कृतिक विधाओं में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का आयोजन डॉ. शिखा चौधरी एवं डॉ. साधना शर्मा के कुशल निर्देशन एवं नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम की सफलता में डॉ. संगीता कुमारी का योगदान भी विशेष रूप से सराहनीय रहा।
‘कलरव’ में सैकड़ों छात्राओं ने हिस्सा लिया। शास्त्रीय एवं अर्धशास्त्रीय गायन, लोकगीत, नृत्य, कविता, शायरी, पेंटिंग और स्केचिंग जैसी विविध विधाओं की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को रंगारंग बना दिया। कई छात्राओं को पहली बार बड़े मंच पर अपनी कला प्रदर्शित करने का अवसर मिला, जिससे उनमें खासा उत्साह देखने को मिला।
प्रतिभागियों ने अपनी प्रस्तुतियों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता और मौलिकता का परिचय दिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने के बाद छात्राओं में खुशी और उत्साह का माहौल रहा।
कार्यक्रम का संचालन अफरीन नाज़ एवं प्रिया ने प्रभावशाली एवं आत्मविश्वासपूर्ण ढंग से किया। दोनों की शानदार मंच-संचालन शैली ने कार्यक्रम को लगातार जीवंत बनाए रखा और दर्शकों का उत्साह बढ़ाया।
इस अवसर पर डॉ. बिमल कुमार ने छात्राओं की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि प्रतिभा को निखारने के लिए मंच और अवसर दोनों जरूरी हैं। उन्होंने छात्राओं को अपनी क्षमताओं पर विश्वास रखते हुए निरंतर सीखने और अपनी प्रतिभा को विकसित करने के लिए प्रेरित किया।

महाविद्यालय के शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारियों की सक्रिय उपस्थिति और सहयोग ने भी कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पूरे आयोजन के दौरान महाविद्यालय परिसर गीत-संगीत, नृत्य और रचनात्मक अभिव्यक्तियों से गुलजार रहा।