सीढ़ी गांव में डीएम दीपक मिश्र का जनता दरबार,एक ही छत के नीचे सुनी गईं आमजनों की समस्याएं पीएम आवास के लाभुकों को मिली घर की चाबी दिव्यांगजनों को बांटी गई ट्राई साइकिल,साइबर ठगी और नशे के खिलाफ भी किया जागरूक

सीढ़ी गांव में डीएम दीपक मिश्र का जनता दरबार,एक ही छत के नीचे सुनी गईं आमजनों की समस्याएं
पीएम आवास के लाभुकों को मिली घर की चाबी
दिव्यांगजनों को बांटी गई ट्राई साइकिल,साइबर ठगी और नशे के खिलाफ भी किया जागरूक

जे टी न्यूज़, करगहर(रोहतास)एन बाबा : आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान और सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से मंगलवार को करगहर प्रखंड की ठोरसन पंचायत अंतर्गत सीढ़ी गांव में जिला प्रशासन की ओर से सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जिले के आला अधिकारियों की मौजूदगी में ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं और कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया गया। वहीं,विभिन्न सरकारी योजनाओं के पात्र लाभुकों को प्रमाण-पत्र एवं प्रोत्साहन राशि का लाभ देकर उन्हें सरकारी सुविधाओं से जोड़ा गया।
शिविर की अध्यक्षता जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने की। इस दौरान उप विकास आयुक्त आकांक्षा आनंद अपर समाहर्ता-सह-आपदा प्रभारी, विशेष कार्य पदाधिकारी,भूमि उप समाहर्ता,सासाराम सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहें।
पीएम आवास की चाबी और दिव्यांगजनों को ट्राई साइकिल
सहयोग शिविर में जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के लाभुकों को नवनिर्मित आवास की चाबी सौंपकर उनके अपने पक्के घर के सपने को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की। वहीं दिव्यांगजनों के बीच ट्राई साइकिल का वितरण किया गया जिससे उन्हें आवागमन में सहूलियत मिल सके और वे आत्मनिर्भर जीवन की ओर आगे बढ़ सकें। पात्र लाभुकों को विभिन्न प्रमाण-पत्र एवं प्रोत्साहन राशि भी वितरित की गई।
19 हजार से अधिक आवेदन, 18 हजार से ज्यादा का निष्पादन
जिलाधिकारी ने शिविर में प्रशासनिक कार्यों की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि जिले में आयोजित सहयोग शिविरों एवं ऑनलाइन माध्यम से अब तक कुल 19,057 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 18,193 आवेदनों का निष्पादन किया जा चुका है।शेष आवेदनों पर भी नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी आवेदन को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखा जाए तथा प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
शादी का कार्ड और PDF खोलने से पहले रहें सावधान : डीएम*


शिविर में जिलाधिकारी ने केवल सरकारी योजनाओं तक ही लोगों को जागरूक नहीं किया, बल्कि बदलते डिजिटल दौर में बढ़ते साइबर अपराध को लेकर भी विशेष सतर्कता बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि त्योहारों के मौसम में साइबर ठग नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। अनजान नंबरों से आने वाले संदिग्ध लिंक, PDF फाइल और शादी के निमंत्रण कार्ड को बिना जांच-पड़ताल के बिल्कुल न खोलें। किसी भी अनजान स्रोत से प्राप्त संदेश या फाइल पर भरोसा करने से पहले उसकी सत्यता की जांच अवश्य करें।
नशामुक्त समाज बनाने में जनभागीदारी जरूरी
जिलाधिकारी ने मद्य निषेध अभियान को सफल बनाने के लिए ग्रामीणों को जागरूक करते हुए नशीले पदार्थों के दुष्परिणामों की जानकारी दी। उन्होंने लोगों से शराब एवं अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहने तथा अपने परिवार और समाज को भी नशे की बुराई से बचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज का निर्माण केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं,बल्कि इसमें प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।
ऑनलाइन शिकायत भी करें, प्रशासन करेगा त्वरित कार्रवाई
जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपनी समस्याओं एवं शिकायतों को सहयोग शिविर के साथ-साथ ऑनलाइन माध्यम से भी दर्ज कराएं, ताकि प्रशासन समय रहते उनका संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई कर सके। उन्होंने कहा कि आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। पात्र लाभुकों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रशासन लगातार प्रयासरत है।


तालाब के सौंदर्यीकरण को लेकर दिए निर्देश
सहयोग शिविर के समापन के बाद जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने सीढ़ी गांव स्थित तालाब का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने तालाब की स्थिति का जायजा लेते हुए उसके सौंदर्यीकरण एवं विकास को लेकर संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इससे गांव के जलस्रोत के संरक्षण के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर बेहतर सुविधाओं के विकास की उम्मीद जगी है। सीढ़ी गांव में आयोजित सहयोग शिविर आम लोगों की समस्याओं के समाधान,सरकारी योजनाओं के लाभ वितरण और प्रशासन-जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

Related Articles

Back to top button