बिहार विधान परिषद् के आठ नवनिर्वाचित सदस्यों ने ली पद एवं गोपनीयता की शपथ
बिहार विधान परिषद् के आठ नवनिर्वाचित सदस्यों ने ली पद एवं गोपनीयता की शपथ

जे टी न्यूज,
पटना : बिहार विधान परिषद् के उप भवन स्थित सभागार में सोमवार को आयोजित समारोह में आठ नवनिर्वाचित सदस्यों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। बिहार विधान परिषद् के कार्यकारी सभापति प्रो. (डॉ.) रामवचन राय ने चार स्नातक एवं चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों से निर्वाचित सदस्यों को भारतीय संविधान के अनुच्छेद 188 के तहत शपथ दिलाई।
शपथ लेने वाले सदस्यों में जदयू के नीरज कुमार, भाजपा के डॉ. एन. के. यादव एवं नरेंद्र प्रसाद सिंह, राजद के अनिल कुमार झा एवं डॉ. संजीव कुमार, जन सुराज पार्टी के सुरेश प्रसाद राय तथा निर्दलीय वंशीधर ब्रजवासी एवं डॉ. राहुल राज शामिल हैं। इससे पूर्व परिषद् के सचिव शिव गोपाल मिश्र ने महामहिम राज्यपाल द्वारा जारी निर्वाचन संबंधी अधिसूचना का पाठ किया।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी उपस्थित रहे। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी एवं बिजेंद्र प्रसाद यादव, मंत्री विजय कुमार सिन्हा, श्रवण कुमार, रामकृपाल यादव, दिलीप कुमार जायसवाल एवं लेसी सिंह भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में विधान सभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव, विधान परिषद् में सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक संजय कुमार सिंह उर्फ गांधीजी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी तथा राजद प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल सहित विधान परिषद् एवं विधान सभा के सदस्य, नवनिर्वाचित सदस्यों के समर्थक और परिजन उपस्थित थे।


