जिलाधिकारी ने अगहनी धान फसल कटनी प्रयोग का किया निरीक्षण, 76.10 क्विंटल प्रति हेक्टेयर उपज दर्ज
जिलाधिकारी ने अगहनी धान फसल कटनी प्रयोग का किया निरीक्षण, 76.10 क्विंटल प्रति हेक्टेयर उपज दर्ज

जे टी न्यूज, खगड़िया: जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत अगहनी धान की उपज का आकलन करने के लिए शुक्रवार को मानसी प्रखंड के पूर्वी ठाठा पंचायत अंतर्गत ठाठा गांव में फसल कटनी प्रयोग कराया गया। जिलाधिकारी खगड़िया विक्रम विरकर ने स्वयं मौके पर पहुंचकर फसल कटनी प्रयोग का निरीक्षण किया तथा पूरी प्रक्रिया का जायजा लिया।
इस दौरान कृषक मिथिलेश यादव, पिता रणधीर यादव के खेसरा संख्या-2674 में निर्धारित 10 मीटर × 5 मीटर के आयताकार भूखंड पर फसल कटनी प्रयोग संपन्न कराया गया। कटनी एवं तौल के उपरांत कुल *38.050 किलोग्राम धान की उपज* प्राप्त हुई। इसके आधार पर *76.100 क्विंटल प्रति हेक्टेयर औसत उपज दर* दर्ज की गई।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों से फसल कटनी प्रयोग की प्रक्रिया एवं प्राप्त उपज के संबंध में जानकारी ली। फसल कटनी प्रयोग को कृषि उत्पादन के वास्तविक आकलन की महत्वपूर्ण प्रक्रिया बताते हुए इसके व्यवस्थित एवं निष्पक्ष संचालन पर बल दिया।
उल्लेखनीय है कि फसल कटनी प्रयोग के माध्यम से जिले में विभिन्न फसलों की वास्तविक उत्पादन क्षमता का आकलन किया जाता है। इससे कृषि उत्पादन के विश्वसनीय आंकड़े प्राप्त होते हैं, जिनके आधार पर सरकार को कृषि योजनाओं के संचालन, फसल उत्पादन के आकलन एवं किसानों के हित में आवश्यक नीतिगत निर्णय लेने में मदद मिलती है।
इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी श्री धनंजय कुमार, विशेष कार्य पदाधिकारी, विवेक सुगंध, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी , संतोष कुमार तिवारी, जिला कृषि पदाधिकारी
अजीत कुमार, सहायक सांख्यिकी पदाधिकारी, शिव शंकर सिंह, प्रखंड विकास पदाधिकारी मानसी राजीव कुमार, प्रखंड सांख्यिकी पदाधिकारी मानसी श्याम कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे। मौके पर जनप्रतिनिधिगण एवं स्थानीय ग्रामीण भी मौजूद रहे।

