जहरीली शराब ने ली दो लोगों की जान, एक का चल रहा ईलाज

जेटी न्यूज
बेगूसराय, बखरी नगर के गोढियारी मोहल्ला में जहरीली अंग्रेजी शराब पीने से मंगलवार की देर रात दो युवकों की मौत हो गई है। जबकि एक की हालत गंभीर है और बेगूसराय के एक निजी क्लीनिक में इलाजरत है। बताया जाता है कि दोनों मृतकों ने अपने अन्य साथियों के साथ रात में अंग्रेजी शराब पीया था। जिसके बाद देर रात तीन युवकों की तबियत बिगड़ने पर परिजनों ने बखरी के अंबेडकर चौक स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी मौत हो गई। एक गंभीर को बेगूसराय रेफर कर दिया गया, जहां एक निजी क्लीनिक में इलाज चल रहा है।

इधर दोनों मृतकों के शव को दाह संस्कार के लिए ले जाने के दौरान बेगूसराय के पुलिस अधीक्षक अवकाश कुमार ने गुप्तसूचना पर बखरी पुलिस को शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाने का आदेश दिया, जिसके बाद बखरी पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम करवाने बेगूसराय सदर अस्पताल पहुंची है। एसडीओ अशोक कुमार गुप्ता, एसडीपीओ ओमप्रकाश, बीडीओ अमित कुमार पांडेय, थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर बासुकीनाथ झा आदि मामले का जायजा ले रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि गोढियारी मोहल्ला शराब के निर्माण और बिक्री के लिए पूरे क्षेत्र में बदनाम है। यहां पूर्व में छापेमारी करने आई उत्पाद विभाग की टीम पर भी हमला हो चुका है।

*क्या कहते हैं क्षेत्रीय विधायक*
इस बीच बखरी के विधायक सूर्यकान्त पासवान ने जहरीली शराब कांड पर स्थानीय पुलिस प्रशासन के प्रति नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा है कि प्रशासन शराब के अवैध धंधे को खत्म करने में विफल साबित हो रही है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को अनुग्रह राशि देने की मांग करते हुए शराब बंदी का सख्ती से पालन करवाने की मांग बेगूसराय के आरक्षी अधीक्षक से की है। इस बीच जन पहल के संयोजक विकास वर्मा ने डीएम अरविंद कुमार वर्मा से जहरीली शराब कांड में मृतक शव की जांच के लिए मेडिकल बोर्ड के गठन की मांग की है। साथ ही शराब माफियाओं के गैंग को खत्म करने के लिए एसआईटी गठित करने की मांग एसपी अवकाश कुमार से की है।

*घटना जायजा लेने पहुंचे डीएम-एसपी*
बखरी में जहरीली शराब कांड में हुई मौत के बाद बुधवार दोपहर पीड़ित परिवार से मिलने बेगूसराय के डीएम अरविंद कुमार वर्मा और एसपी अवकाश कुमार गोढियारी मोहल्ला पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार के अलावा मोहल्ले के लोगों का भी बयान लिया। मोहल्ले के लोगों ने गोढियारी मोहल्ला में देशी व अंग्रेजी शराब के खुलेआम चल रहे धंधे के बारे में डीएम-एसपी को जानकारी दी और उसमें स्थानीय पुलिस प्रशासन की संलिप्तता का खुलकर आरोप लगाया। लोगों ने कहा कि यहां घर-घर देशी शराब का निर्माण और बिक्री का धंधा फल-फूल रहा है, जिसके बारे में स्थानीय पुलिस प्रशासन को कई बार लिखित शिकायत की गई है मगर कोई कार्रवाई नहीं होती है। इसी का नतीजा है कि आज दो लोगों की जहरीली शराब पीने से मौत हुई है।
वही स्थानीय लोगों ने दोनों वरिष्ठ पदाधिकारियों से शराब माफियाओं पर कठोर कार्रवाई करने की मांग की है। हालांकि परिजनों ने मुकदमे में फंसने के भय से डीएम-एसपी के समक्ष अपना बयान बदल दिया और मौत का कारण बीमारी बताया है। मगर नाम ना छापने की शर्त पर इलाज करने वाले चिकित्सकों ने बताया कि अत्यधिक मात्रा में नकली शराब पीने से एक्यूट लीवर फेल्योर की वजह से मौत हुई है। मगर जिलाधिकारी अरविंद कुमार वर्मा और एसपी अवकाश कुमार ने मीडिया को बताया कि परिजन बीमारी से मौत की बात कह रहे हैं, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत का असली कारण सामने आ सकेगा।


