मेरे ऊपर लगाए गए आरोप मनगढ़ंत और बेबुनियाद- पूर्व मंत्री रामाश्रय सहनी

जेटी न्यूज

समस्तीपुर::- बिहार सरकार के पूर्व मंत्री रामाश्रय सहनी ने उनकी पूर्व पुत्र वधू विभा कुमारी के द्वारा बीते दिनों लगाए गए गंभीर आरोपों को बेबुनियाद और मनगढ़ंत करार दिया है। मीडिया कर्मियों से बात करते हुए पूर्व मंत्री रामाश्रय सहनी ने कहा कि राजनीतिक साजिश के तहत उनके ऊपर गलत आरोप लगाए जा रहे हैं।

वहीं, उन आरोपों का जवाब देते हुए उन्होंने विस्तार से बताया कि आरोप लगाने वाली विभा कुमारी उनके पुत्र राजीव कुमार की पूर्व पत्नी है। उन्होंने बताया कि राजीव और विभा पटना के राजेंद्र नगर रेलवे गुमटी के पास किराए के मकान में उनसे अलग होकर रह रहे थे। वहीं राजीव भी अपने कारोबार में व्यस्त था। एक दिन अचानक ससमय पूर्व घर आने पर उसने विभा को किसी गैर मर्द के साथ रंगे हाथों पकड़ लिया था। उन्होंने बताया कि उस गैर मर्द का विभा के साथ अवैध संबंध था। रंगे हाथों पकड़े जाने के बाद राजीव और विभा के बीच बढ़े हुए तनाव को खत्म करवाने का काफी प्रयास किया गया था।

उन्होंने बताया कि उनके पुत्र राजीव के साथ विभा की शादी जरूर हुई थी, लेकिन शादी के कुछ ही महीनों के बाद उसने राजीव को छोड़कर दूसरे के साथ शादी कर ली थी। उसे राजीव को छोड़े हुए 18 वर्ष बीत चुके हैं और उनके पुत्र राजीव की मौत भी करीब 8 वर्ष पूर्व हो चुका है। अब इतने बरसों के बाद वापस आकर मीडिया के माध्यम से वह उन्हें राजनीतिक रूप से बदनाम करना चाहती है। उन्होंने कहा कि वह समाजवाद के कोख से पैदा हुए हैं और कर्पूरी जी के सानिध्य में रहे हैं। उन्होंने जीवन में कभी भी कुछ भी गलत काम नहीं किया। संत विचार के साथ वह राजनीति में हैं।

पूर्व मंत्री रामाश्रय सहनी ने विभा के भाई पर उनके पुत्र राजीव की हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि विभा का भाई ही उनके पुत्र राजीव को घर से बुलाकर दलसिंहसराय ले गया था, जिसके बाद राजीव के मौत की खबर आई थी। आपको बता दें कि विभा ने कुछ दिनों पूर्व ही पूर्व मंत्री रामाश्रय सहनी और उनके बेटों पर गलत आरोप लगाए थे। जिसमें उसने कहा था कि पूर्व मंत्री अपने बेटों से गाड़ियों की चोरी करवाते थे और उनके पति राजीव की मौत के बाद पूर्व मंत्री ने उन्हें घर से निकाल दिया था।

अभी कुछ दिनों पूर्व ही एसटीएफ की गाड़ी चोरी मामले में पूर्व मंत्री के दूसरे पुत्र मुकेश सहनी को पुलिस ने चोरी की गाड़ी के साथ गिरफ्तार किया है। जिसके बाद पूर्व मंत्री रामाश्रय सहनी ने कहा था कि ऐसी हरकत करने वाले को पुलिस के द्वारा गोली मार देना चाहिए।

Related Articles

Back to top button