आज कार्ल मार्क्स का जन्मदिन – कार्ल मार्क्स की लोकप्रियता का रहस्य (5 मई 1818 -14 मार्च 1883)

आज कार्ल मार्क्स का जन्मदिन – कार्ल मार्क्स की लोकप्रियता का रहस्य (5 मई 1818 -14 मार्च 1883)

-प्रो जगदीश्वर चतुर्वेदी

 

 

कार्ल मार्क्स का आज जन्मदिन है। यह ऐसे मनीषी का जन्मदिन है जो आज भी दुनिया के वंचितों का कण्ठहार बना हुआ है। आज भी मार्क्स की लिखी ‘पूंजी‘ दुनिया की सबसे ज्यादा बिकने वाली किताब है। आज भी पूंजीवाद और शोषण का कोई भी विमर्श मार्क्स के नजरिए की उपेक्षा नहीं कर सकता। मार्क्स नहीं हैं लेकिन उनके विचार और विश्वदृष्टि समूची मानवता को आलोकित किए हुए है।

मार्क्स के पक्ष में जितना लिखा गया है उससे कहीं ज्यादा विपक्ष में लिखा गया है। कैपीटलिज्म के किसी भी पहलू पर विचार करें और आप किसी भी स्कूल के अनुयायी हों आपको मार्क्स से संवाद करना होगा। मानवता को शोषण से मुक्त करने का रास्ता या नजरिया मार्क्स की अवहेलना करके बनाना सभव नहीं है। शोषण से मुक्त होना चाहते हैं तो मार्क्स के पास जाना होगा।

मार्क्स की विश्वव्यापी प्रासंगिकता का कारण क्या है ? मार्क्स के बारे में हम जितना सच जानते हैं उससे ज्यादा असत्य जानते हैं। मार्क्स के नाम पर मिथमेकिंग और विभ्रमों का व्यापक प्रचार किया गया है। इसमें उनकी ज्यादा भूमिका है जो मार्क्स और मार्क्सवाद को फूटी आंख देखना नहीं चाहते।

मार्क्स के बारे में कोई भी चर्चा फ्रेडरिक एंगेल्स के बिना अधूरी है। मार्क्स-एंगेल्स आधुनिकयुग के आदर्श दोस्त और कॉमरेड थे। काश सबको एंगेल्स जैसा दोस्त मिले। मार्क्स बेहद संवेदनशील पारिवारिक प्राणी थे और गृहस्थ थे। इससे यह मिथ टूटता है कि कम्युनिस्टों के परिवार नहीं होता, वे संवेदनशील नहीं होते।

मार्क्स अपने बच्चों के साथ घंटों समय गुजारा करते थे और तरह-तरह की साहित्यिक कृतियां उन्हें कंठस्थ थीं जिन्हें अपने बच्चों को सुनाया करते थे। खाली समय निकालकर नियमित बच्चों पर खर्च करते थे। इससे यह भी मिथ टूटता है कि मार्क्सवादी बच्चों का ख्याल नहीं रखते।

मार्क्स अपनी पत्नी को बेहद प्यार करते थे और उनकी पत्नी उनके समस्त मार्क्सवादी क्रियाकलापों की सक्रिय सहभागी थी, वह मार्क्स के काम की महत्ता से वाकिफ थी और स्वयं बेहतरीन बुद्धिजीवी थी। मार्क्स की जीवनशैली सादा जीवन उच्च विचार के सिद्धांत से परिचालित थी।

मार्क्स हमेशा देर से सोते थे तब भी वह हमेशा आठ और नौ बजे के बीच में उठ जाते थे। काली कॉफी का प्‍याला पीकर और अखबारों को पढ़कर वह अपने पढ़ने के कमरे में चले जाते, और दूसरे दिन सबेरे के दो-तीन बजे तक काम करते रहते थे। बीच में वह सिर्फ खाने के लिए, और – अच्‍छे मौसम में – हैम्‍पस्‍टेड के मैदान में टहलने के लिए उठते थे। दिन में वह एक या दो घंटे सोफे पर सो लेते थे। युवावस्‍था में उन्‍हें सारी रात काम करते हुए बिताने की आदत थी। मार्क्‍स के लिए काम करना तो एक व्‍यसन हो गया था और वह भी ऐसा तल्‍लीन करने वाला कि वह खाना तक भूल जाते थे। बहुधा उन्‍हें कई बार बुलाना पड़ता था; तब वह खाने के कमरे में आते थे और अन्तिम कौर मुश्किल से खत्‍म होता था

कि वह उठ कर वापिस अपनी मेज पर जा बैठते थे। वह खाते कम थे और उन्‍हें भूख न लगने की शिकायत तक रहा करती थी। सुअर का गोश्‍त, धुँए पर पकी मछली और अचार जैसे चटपटे खानों से वह वह इस कमी को पूरा करने की कोशिश करते थे। उनके मस्तिष्‍क की अपूर्व कार्यशीलता का दण्‍ड उनके पेट को भरना पड़ता था; दिमाग के लिए वास्‍तव में उन्‍होंने अपने पूरे शरीर को बलिदान कर दिया था। विचार करना उनके लिए सबसे बड़ा सुख था। भारत में ऐसे लोग हैं जो आए दिन अज्ञानता के कारण यह कहते हैं कि मार्क्स तो जनतंत्र के पक्षधर नहीं थे। वे तो तानाशाही के पक्षधर थे। यह बात एकसिरे से गलत और तथ्यहीन है। यह भी प्रचार किया जाता है कि मार्क्स की जनवाद में आस्था नहीं थी। नागरिक समाज में आस्था नहीं थी। आइए देखें तथ्य क्या कहते हैं।

कविता तथा उपन्‍यास पढ़ने के अलावा मानसिक विश्राम के लिए मार्क्‍स का एक और अद्भुत तरीका था। गणित के वह बड़े प्रेमी थे। बीजगणित से उनको नैतिक सान्‍त्‍वना तक मिलती थी और अपने तूफानी जीवन की सबसे दु:खपूर्ण घड़ियों में वे उसका आसरा लिया करते थे। उनकी पत्‍नी की अन्तिम बीमारी में अपने वैज्ञानिक काम को हमेशा की तरह चलाना उनके लिए मुश्किल हो गया था और उसकी बीमारी और कष्‍ट के बारे में सोचने से बचने का उपाय केवल यही था कि अपने को गणित में डुबो दें। मानसिक कष्‍ट के इस समय में उन्‍होंने गणित पर एक निबन्‍ध लिखा। जो गणितशास्‍त्री इसे जानते हैं उनका कहना है कि यह रचना बड़ी महत्‍वपूर्ण है और मार्क्‍स की ग्रन्‍थावली में छपेगी। उच्‍च गणित में वह द्वंद्वात्‍मक गति का सबसे सादा और तर्कपूर्ण रूप निकाल सकते थे। उनकी विचारधारा के अनुसार विज्ञान की कोई शाखा तभी सचमुच विकसित कही जा सकती है जब उसका रूप ऐसा हो जाय कि वह गणित का प्रयोग कर सके।

मार्क्स ने लिखा है-” आधुनिक समाज में वर्गों के अस्तित्व की खोज करने का श्रेय का मैं अधिकारी नहीं हूँ। न ही उनके संघर्ष की खोज करने का श्रेय मुझे मिलना चाहिए। मुझसे बहुत पहले ही बुर्जुआ इतिहासकार वर्गों के इस संघर्ष के ऐतिहासिक विकास का और बुर्जुआ अर्थशास्त्री वर्गों की बुनावट का वर्णन कर चुके थे। मैंने जो नयी चीज की , वह यह सिद्ध करना था किः
1. वर्गों का अस्तित्व उत्पादन के विकास के खास दौरों के साथ जुड़ा हुआ है 2. वर्गसंघर्ष लाजिमी तौर पर सर्वहारा के अधिनायकत्व की दिशा में ले जाता है, 3) यह अधिनायकत्व स्वयं सभी वर्गों का उन्मूलन तथा वर्गहीन समाज की ओर संक्रमण मात्र है।”

कार्ल मार्क्स ने मजदूरवर्ग के नजरिए से लोकतंत्र और नागरिक अधिकारों पर विचार किया है। मार्क्स ने ‘ऑन दि जुईस क्वेश्चन’ (1843) पर विचार करते हुए नागरिक समाज पर लिखा है कि नागरिक अधिकार ऐसे व्यक्ति के अधिकार हैं जो ‘ अहंकारी मनुष्य है ,जो अन्य व्यक्ति से कटा हुआ व्यक्ति है, समाज से कटा हुआ व्यक्ति है।’ यह ऐसा व्यक्ति है जो ‘निजी आकांक्षाओं’ से घिरा है। यह आत्मकेन्द्रित व्यक्ति है। यह आत्मनिर्भर एवं अलग-थलग पड़ा हुआ व्यक्ति है।

मार्क्स ने व्यक्ति के अधिकारों और नागरिक अधिकारों की व्याख्या करते हुए लिखा नागरिक अधिकार राजनीतिक अधिकार हैं,जबकि व्यक्ति के अधिकार गैर राजनीतिक अधिकार हैं। राजनीतिक अधिकारों का उपयोग सामूहिक तौर पर होता है। इसकी अंतर्वस्तु राजनीतिक समुदाय और राज्य की हिस्सेदारी से बनती है।

राजनीतिक अधिकारों में सबसे बड़ा अधिकार है ‘संपत्ति का अधिकार’। दूसरा अधिकार है आनंद प्राप्ति का अधिकार। मार्क्स ने यह भी लिखा कि निजी हितों का विस्तार करने वाले अधिकार ही हैं जो नागरिक समाज की आधारशिला रखते हैं। मार्क्स का मानना था कि अधिकार स्वयं चलकर नहीं आते बल्कि उन्हें अर्जित करना होता है। अधिकार जन्मना नहीं होते उन्हें संघर्ष करके पाना होता है।

कार्ल मार्क्स ने ‘हीगेल के न्याय दर्शन की आलोचना में योगदान’ (1843) कृति में आधुनिक राज्य,कानून,नागरिक समाज आदि विषयों पर हीगेल के नजरिए की आलोचना करते हुए फायरबाख के नजरिए का व्यापक इस्तेमाल करते हुए लिखा ‘हीगेल का दर्शन आध्यात्मवाद का अंतिम शरणस्थल है। हमें लक्षण के स्थान पर विषय को लेना चाहिए और विषय के स्थान पर पदार्थ और सिद्धांत को लेना चाहिए ; कहने का तात्पर्य यह है कि सपाट, नग्न और बिना मिलावट का सत्य प्राप्त करने के लिए हमें अटकलबाजी के दर्शन को पूरी तरह खारिज कर देना चाहिए।’

Related Articles

Back to top button