बभनी में शहीद आरबीएम मेमोरियल T-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य आगाज़
बभनी में शहीद आरबीएम मेमोरियल T-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य आगाज़

जे टी न्यूज, राजीव कुमार, गम्हरिया, मधेपुरा:
प्रखंड क्षेत्र के बभनी दुर्गा मंदिर खेल मैदान में रविवार को प्लेयर्स ग्रुप द्वारा आयोजित शहीद आरबीएम मेमोरियल T-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का विधिवत उद्घाटन समाजसेवी संतोष कुमार सिंह, प्रभाकांत झा तथा प्लेयर्स ग्रुप के राहुल सिंह, राजा झा, विकास कुमार, पप्पू सिंह एवं पपलू सिंह द्वारा संयुक्त रूप से फीता काटकर किया गया।
उद्घाटन अवसर पर खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए संतोष कुमार सिंह ने कहा कि खेल को सदैव खेल भावना के साथ खेलना चाहिए। उन्होंने अनुशासन, टीम भावना और सौहार्द पर विशेष जोर दिया।
टूर्नामेंट का पहला लीग मैच सोनबरसा और सिमराही की टीमों के बीच खेला गया। टॉस जीतकर सोनबरसा ने पहले क्षेत्ररक्षण का निर्णय लिया। बल्लेबाजी करने उतरी सिमराही की टीम ने 20 ओवर में 6 गेंद शेष रहते सभी विकेट गंवाकर 171 रन बनाए। सिमराही की ओर से गोलू ने 24 गेंदों पर शानदार 70 रन की पारी खेली, जबकि नीरज ने 14 गेंदों पर 22 रन का योगदान दिया।
सोनबरसा की ओर से गेंदबाजी में आयुष ने 3 विकेट झटके, वहीं नारायण और मुकेश को दो-दो सफलता मिली। गुलजार, मीचल और मुन्ना ने एक-एक विकेट हासिल किया।
172 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सोनबरसा की टीम ने कड़े मुकाबले में 18.2 ओवर में 8 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। सोनबरसा की जीत में सुधांशु की 41 गेंदों पर 70 रन की शानदार पारी और मीचल की 18 गेंदों पर 43 रन की तूफानी बल्लेबाजी निर्णायक साबित हुई।
सिमराही की ओर से गेंदबाजी में कुंदन, अनुज, अजय और नजर ने दो-दो विकेट लिए, लेकिन टीम जीत दर्ज नहीं कर सकी। इस प्रकार सोनबरसा ने 3 विकेट से मुकाबला अपने नाम किया।
मैच में अंपायर की भूमिका नितिन सिंह और बंटी सिंह ने निभाई, जबकि स्कोरर के रूप में प्रकाश कुमार मौजूद रहे। शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार सुधांशु को दिया गया।
मैच को सफल बनाने में प्लेयर्स ग्रुप के चंचल झा, नैयर, सौरभ यादव सहित दौलत सिंह, प्रिंस कुमार, राजीव सिंह, राणा सिंह, मिथुन मिश्रा सहित अन्य सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।