घैलाढ़ के यशवंत कुमार बने सीआईएसएफ जवान, किसान के बेटे ने बढ़ाया मधेपुरा का मान
घैलाढ़ के यशवंत कुमार बने सीआईएसएफ जवान, किसान के बेटे ने बढ़ाया मधेपुरा का मान

जे टी न्यूज, घैलाढ़/मधेपुरा :
घैलाढ़ प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत बरदाहा पंचायत के वार्ड संख्या 6 स्थित चकला गांव निवासी किसान ठको यादव के पुत्र यशवंत कुमार ने सेंट्रल एसएससी परीक्षा में सफलता प्राप्त कर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल में चयनित होकर अपने गांव, पंचायत, प्रखंड सहित पूरे जिले का नाम रोशन किया है।
यशवंत कुमार एक साधारण किसान परिवार से ताल्लुक रखते हैं। उनके पिता पेशे से किसान होने के साथ-साथ मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं, जबकि माता कंजीप देवी गृहिणी हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद माता-पिता ने कभी भी बेटे के सपनों को कमजोर नहीं पड़ने दिया। बेहतर शिक्षा के लिए उन्होंने यशवंत को शहर जैसे वातावरण में पढ़ाई का अवसर दिया, जिसका सकारात्मक परिणाम आज पूरे क्षेत्र के सामने है।
ग्रामीणों के अनुसार यशवंत कुमार बचपन से ही काफी चंचल स्वभाव के थे, लेकिन पढ़ाई-लिखाई में उनकी विशेष रुचि थी। वे नियमित रूप से अनुशासित ढंग से अध्ययन करते थे और बचपन से ही कुछ बड़ा करने का सपना देखते थे।
इस संबंध में वार्ड सदस्य अजीत यादव ने बताया कि चकला गांव के लिए यह ऐतिहासिक और गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि “यशवंत कुमार हमारे गांव के पहले युवक हैं, जिन्होंने सेंट्रल एसएससी परीक्षा पास कर सीआईएसएफ में जगह बनाई है। उनकी सफलता आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी।”
यशवंत के चयन की खबर मिलते ही गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों ने मिठाइयां बांटकर खुशी जाहिर की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। क्षेत्रवासियों ने कहा कि यशवंत की सफलता यह साबित करती है कि अगर मजबूत इरादे और परिवार का सहयोग हो तो किसी भी परिस्थिति में सफलता हासिल की जा सकती है।
यशवंत कुमार अब देश की सेवा के लिए केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल में योगदान देंगे, जिससे न सिर्फ उनके परिवार बल्कि पूरे मधेपुरा जिले को गौरवान्वित होने का अवसर मिला है।


