डॉ राजेन्द्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा में किसान मेला को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन
डॉ राजेन्द्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा में किसान मेला को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन

जे टी न्यूज़, पटना : डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा, समस्तीपुर में 13-15 मार्च 2026 तक तीन दिवसीय क्षेत्रीय किसान मेला का आयोजन किया जा रहा है, जिसका थीम है “विकसित कृषि-उन्नत भारत”। इस मेले का उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों और नवाचारों से रूबरू कराना है। किसान मेला के आयोजन के बारे में विस्तार से जानकारी देने के लिए कुलपति डॉ पी एस पांडेय ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया और पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि
इस मेले में 200 से अधिक सरकारी एवं गैर-सरकारी स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनमें ड्रोन तकनीक, हाइड्रोपोनिक्स, ड्रिप सिंचाई, और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित खेती जैसी आधुनिक कृषि तकनीकों का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके अलावा, मेले में तकनीकी सत्र, किसान-वैज्ञानिक संवाद, और कृषि, बागवानी, पशुपालन, और मत्स्य पालन पर प्रदर्शनी जैसे कई अन्य कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
कुलपति डॉ. पुण्यव्रत सुविमलेंदु पांडेय ने कहा कि इस वर्ष के मेले का थीम ‘विकसित कृषि-उन्नत भारत’ विश्वविद्यालय के सोच को दर्शाता है कि हम एक समृद्ध और स्थायी कृषि क्षेत्र की ओर बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय किसानों, वैज्ञानिकों, और नीति निर्माताओं के साथ मिलकर माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के संकल्प के अनुसार देश को विकसित करने को लेकर सतत प्रयास कर रहा है।

निदेशक प्रसार शिक्षा डॉ. रत्नेश कुमार झा ने कहा कि विश्वविद्यालय किसान मेला के दौरान किसानों को मखाना, श्री अन्न, और अन्य फसलों पर जानकारी प्रदान करेंगे, साथ ही उनकी समस्याओं का समाधान भी करेगा। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य किसानों की आय बढ़ाना और कृषि को अधिक लाभकारी बनाना है।”
उन्होंने कहा, “विश्वविद्यालय किसानों को ड्रोन, हाइड्रोपोनिक्स, और प्रेसिजन फार्मिंग जैसी आधुनिक तकनीकों से सशक्त बनाना चाहते हैं, ताकि उनकी खेती अधिक उत्पादक और लाभकारी हो सके।”
इस मेले में बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, और अन्य राज्यों से 30,000 से अधिक किसान, उद्यमी, और हितधारक भाग लेंगे। मेले का उद्घाटन बिहार सरकार के कृषि मंत्री श्री रामकृपाल यादव करेंगे। दूसरे दिन के मुख्य अतिथि केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण राज्य मंत्री श्री रामनाथ ठाकुर होंगे, और समापन समारोह में जलशक्ति राज्य मंत्री श्री राज भूषण चौधरी मुख्य अतिथि होंगे। इसके अतिरिक्त विधायक श्री महेश्वर हजारी,बिहार एवं देश के कई विश्वविद्यालयों के कुलपति एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी गणमान्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे

मेले के मुख्य आकर्षण:
– 200 से अधिक तकनीकी और कृषि स्टॉल
– ड्रोन तकनीक, हाइड्रोपोनिक्स, और एआई-आधारित खेती का प्रदर्शन
– किसान-वैज्ञानिक संवाद और तकनीकी सत्र
– पशु और बागवानी प्रदर्शन
– आधुनिक कृषि उपकरणों का लाइव प्रदर्शन
विश्वविद्यालय की पहल:
– किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों पर प्रशिक्षण
– उन्नत बीज और पौध सामग्री का वितरण
– ‘कृषि ज्ञान वाहन’ के माध्यम से कृषि ज्ञान का प्रसार
– ‘फार्मर साथी’ पोर्टल पर लाखों किसानों का पंजीकरण
किसान मेला पूर्वी भारत के किसानों, उद्यमियों, और हितधारकों को लाभ पहुंचाएगा और आधुनिक कृषि तकनीकों और नवाचारों को बढ़ावा देगा।


