9 मई की राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर अररिया में हाई अलर्ट, रोहित श्रीवास्तव ने कसी कमर

9 मई की राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर अररिया में हाई अलर्ट, रोहित श्रीवास्तव ने कसी कमर

जे टी न्यूज, अररिया:

आगामी 9 मई 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए अररिया न्याय मंडल में तैयारियां तेज हो गई हैं। इस कड़ी में जिला विधिक सेवा प्राधिकार (DLSA) के सचिव रोहित श्रीवास्तव की अध्यक्षता में न्यायिक पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में राष्ट्रीय लोक अदालत के सुचारु आयोजन और अधिकाधिक सुलहनीय वादों के निस्तारण को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। सचिव ने सभी न्यायिक पदाधिकारियों से अपील की कि वे अपने-अपने न्यायालयों में लंबित मामलों की पहचान कर पक्षकारों के साथ प्री-काउंसलिंग करें, ताकि अधिक से अधिक मामलों का निपटारा लोक अदालत में संभव हो सके।

उन्होंने बताया कि नोटिसों का तामिला लगातार कराया जा रहा है और व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार भी किया जा रहा है। इस बार पिछले लोक अदालत की तुलना में अधिक मामलों के निस्तारण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

सचिव रोहित श्रीवास्तव ने लोक अदालत के फायदों को गिनाते हुए कहा कि इसमें न तो कोर्ट फीस लगती है, न ही लंबी कानूनी प्रक्रिया से गुजरना पड़ता है। सुलह-समझौते के जरिए मामलों का त्वरित निपटारा होता है और मुआवजा या हर्जाना भी तुरंत मिल जाता है। लोक अदालत का फैसला अंतिम होता है, जिसके खिलाफ अपील का प्रावधान नहीं होता।

यह बैठक जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष सह प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश गुंजन पाण्डेय के निर्देश पर आयोजित की गई। बैठक में मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी अमरेन्द्र प्रसाद सहित एसीजेएम, एसडीजेएम और अन्य न्यायिक पदाधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में न्यायिक पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे सुलहनीय मामलों की सूची शीघ्र तैयार कर लोक अदालत में प्रस्तुत करें। साथ ही आम लोगों से भी अपील की गई कि वे इस वैकल्पिक न्याय व्यवस्था का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

स्पष्ट संकेत हैं कि इस बार की राष्ट्रीय लोक अदालत में रिकॉर्ड स्तर पर मामलों का निपटारा करने की तैयारी है, जिससे आम जनता को सस्ता, सुलभ और त्वरित न्याय मिल सके।

Related Articles

Back to top button