पंचायती राज विभाग की योजनाओं की प्रगति पर जिला पदाधिकारी ने की समीक्षा

पंचायती राज विभाग की योजनाओं की प्रगति पर जिला पदाधिकारी ने की समीक्षा

पारदर्शिता, गुणवत्ता एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के दिए सख्त निर्देश

 

जे टी न्यूज, मधेपुरा:

जिला पदाधिकारी अभिषेक रंजन की अध्यक्षता में जिला मुख्यालय स्थित झल्लू बाबू सभागार में शनिवार को पंचायती राज विभाग के अंतर्गत संचालित योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विभिन्न प्रखंडों में क्रियान्वित पंचायत स्तरीय योजनाओं की प्रगति, गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्ध कार्यान्वयन की स्थिति पर विस्तृत समीक्षा की गई।

जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में पूर्ण पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने लंबित योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

 

बैठक में पंचायत स्तर पर उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत जनसुविधाओं—जैसे स्वच्छता, पेयजल आपूर्ति, नाली-गली निर्माण एवं अन्य विकासात्मक कार्यों—की नियमित एवं प्रभावी मॉनिटरिंग पर विशेष बल दिया गया। जिला पदाधिकारी ने कहा कि योजनाओं की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए तथा प्रत्येक कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप ही पूर्ण किया जाए।

 

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में यदि किसी प्रकार की अनियमितता, लापरवाही अथवा भ्रष्टाचार की शिकायत प्राप्त होती है, तो संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

 

बैठक के दौरान विभिन्न प्रखंडों से उपस्थित अधिकारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की गई तथा कार्यान्वयन में आ रही चुनौतियों से अवगत कराया गया। जिला पदाधिकारी ने समस्याओं का संज्ञान लेते हुए उनके त्वरित समाधान हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

 

बैठक में संबंधित विभागों के वरीय पदाधिकारी एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button