अनुमंडल पदाधिकारी श्री दिलीप कुमार के नेतृत्व में भरण-पोषण से संबंधित महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई

अनुमंडल पदाधिकारी श्री दिलीप कुमार के नेतृत्व में भरण-पोषण से संबंधित महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई


जे टी न्यूज़, समस्तीपुर : अनुमंडल पदाधिकारी श्री दिलीप कुमार के नेतृत्व में अनुमंडल कार्यालय अंतर्गत भरण-पोषण से संबंधित एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न पीड़ित माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता पूर्वक सुना गया।
बैठक के दौरान सभी पीड़ित पक्षों को बारी-बारी से अपनी समस्याएं रखने का अवसर दिया गया। अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा संबंधित परिजनों को सख्त निर्देश दिया गया कि किसी भी परिस्थिति में माता-पिता एवं बुजुर्गों को किसी प्रकार की परेशानी, उपेक्षा अथवा असम्मान का सामना नहीं करना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि माता-पिता की सेवा एवं सम्मान करना प्रत्येक संतान का नैतिक एवं सामाजिक दायित्व है। अनुमंडल पदाधिकारी श्री दिलीप कुमार ने कहा कि समाज में बुजुर्गों का सम्मान एवं उनकी देखभाल हमारी संस्कृति एवं संस्कार की पहचान है। यदि किसी भी माता-पिता को भरण-पोषण अथवा देखभाल से संबंधित समस्या होती है तो प्रशासन उनके अधिकारों की रक्षा हेतु हर संभव कार्रवाई करेगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को भी निर्देशित किया कि ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा पीड़ितों को समय पर न्याय एवं सहायता उपलब्ध कराई जाए। बैठक का मुख्य उद्देश्य समाज में एक सकारात्मक संदेश देना एवं परिवारों के बीच आपसी सम्मान, जिम्मेदारी एवं संवेदनशीलता को बढ़ावा देना था, ताकि कोई भी माता-पिता स्वयं को असहाय महसूस न करें।

Related Articles

Back to top button