विद्यार्थी सहयोग शिविर का डीएम ने किया शुभारंभ, छात्रों की समस्याओं के त्वरित समाधान का दिया निर्देश छात्र हित सर्वोपरि: डीएम ने पुस्तकालयों के ऑडिट और नई पुस्तक उपलब्ध कराने का दिया निर्देश
अब निर्भीक होकर रखें अपनी बात, विद्यार्थी सहयोग शिविर में छात्रों को मिला प्रशासन का साथ 50 से अधिक स्थानों पर विद्यार्थी सहयोग शिविर, छात्रों की समस्याओं के निष्पादन पर प्रशासन का जोर
विद्यार्थी सहयोग शिविर का डीएम ने किया शुभारंभ, छात्रों की समस्याओं के त्वरित समाधान का दिया निर्देश
छात्र हित सर्वोपरि: डीएम ने पुस्तकालयों के ऑडिट और नई पुस्तक उपलब्ध कराने का दिया निर्देश
अब निर्भीक होकर रखें अपनी बात, विद्यार्थी सहयोग शिविर में छात्रों को मिला प्रशासन का साथ
50 से अधिक स्थानों पर विद्यार्थी सहयोग शिविर, छात्रों की समस्याओं के निष्पादन पर प्रशासन का जोर

जे टी न्यूज,मधुबनी : जननायक कर्पूरी ठाकुर छात्रावास, मधुबनी में आज जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने विद्यार्थी सहयोग शिविर का शुभारंभ किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं, सुझावों एवं छात्र हित से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की।
शिविर के दौरान उपस्थित विद्यार्थियों को विद्यार्थी सहयोग पोर्टल के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही पोर्टल पर आवेदन करने की प्रक्रिया, शिकायत दर्ज करने की व्यवस्था एवं निर्धारित अवधि सहित अन्य आवश्यक जानकारियों से विद्यार्थियों को अवगत कराया गया।
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने कहा कि विद्यार्थी अपनी किसी भी समस्या अथवा शिकायत को विद्यार्थी सहयोग पोर्टल पर दर्ज कर सकते हैं। जिला प्रशासन द्वारा उनकी समस्याओं के समाधान के लिए जल्द से जल्द आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी सहयोग शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों की समस्याओं को सीधे प्रशासन तक पहुंचाना तथा उनका त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है।
संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने छात्रावास की पुस्तकालय व्यवस्था, प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित पुस्तकों की उपलब्धता तथा छात्रावासों के नियमित निरीक्षण से जुड़े सुझाव एवं समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। इस पर जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को छात्रावासों में संचालित पुस्तकालयों का ऑडिट कराने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए छात्रावास पुस्तकालयों में विश्वसनीय, उपयोगी एवं नवीनतम संस्करण की गुणवत्तापूर्ण प्रतियोगी पुस्तकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को आश्वस्त किया कि जननायक कर्पूरी ठाकुर छात्रावास स्थित पुस्तकालय में प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित उपयोगी एवं लेटेस्ट एडिशन की पुस्तकें उपलब्ध कराई जाएंगी।
इस अवसर पर प्राणीशास्त्र (जूलॉजी ऑनर्स) के छात्र सचिन कुमार ने विद्यार्थी सहयोग शिविर की पहल की सराहना करते हुए जिला प्रशासन एवं सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस पहल से विद्यार्थियों को बिना किसी प्रतिकूल परिणाम की आशंका के अपनी समस्याओं एवं शिकायतों को प्रशासन के समक्ष खुलकर रखने का अवसर मिल रहा है।
विद्यार्थियों ने छात्रावासों में जिला प्रशासन द्वारा नियमित निरीक्षण किए जाने का अनुरोध भी किया। जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने छात्र हित से जुड़े विषयों पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक रश्मि, जिला शिक्षा पदाधिकारी अक्षय कुमार पाण्डेय, जिला पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण पदाधिकारी शिवम कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी ज्योति रानी, अनुमंडल पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण पदाधिकारी अतुल विक्रम, कार्यक्रम पदाधिकारी आनंद वर्मा, राशिद नवाज, आईटी मैनेजर आरसीसी मधुबनी निरंजन कुमार, छात्रावास अधीक्षक डॉ. विजय शंकर पासवान सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि आज जिलाधिकारी के निर्देश के आलोक में जिले के विभिन्न महाविद्यालयों, विद्यालयों, कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालयों, अम्बेडकर छात्रावास सहित 50 से अधिक स्थानों पर विद्यार्थी सहयोग शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों में विद्यार्थियों ने निर्भीक होकर अपनी समस्याएं एवं शिकायतें रखीं, जिनके अविलंब निष्पादन के लिए प्रशासन द्वारा आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही गई।



