बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं भाईचारे के वातावरण में सम्पन्न कराने हेतु जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क ।
सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई, जिला साइबर सेल 24 घंटे रहेगा सक्रिय।
बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं भाईचारे के वातावरण में सम्पन्न कराने हेतु जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क ।
सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई, जिला साइबर सेल 24 घंटे रहेगा सक्रिय।

जे टी न्यूज,मधुबनी : बकरीद पर्व को जिले में शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं आपसी भाईचारे के वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन द्वारा व्यापक एवं बहुस्तरीय तैयारी की गई है। विधि-व्यवस्था के सफल संधारण हेतु जिलाधिकारी आनंद शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार द्वारा संयुक्त आदेश जारी करते हुए जिले के कुल 417 महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील स्थलों पर 834 दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। इसके अतिरिक्त पर्याप्त संख्या में सशस्त्र पुलिस बल एवं दंगा नियंत्रण बल की भी तैनाती सुनिश्चित की गई है।
जिलाधिकारी ने सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को ससमय अपने-अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर पहुंचकर पूरी सतर्कता एवं जवाबदेही के साथ दायित्व निर्वहन करने का निर्देश दिया है। सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को अपने प्रतिनियुक्ति स्थल से संयुक्त उपस्थिति फोटो जिला प्रशासन के अधिकृत व्हाट्सएप नंबर पर उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया गया है।जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा है कि किसी भी प्रकार की अफवाह, शरारत, सांप्रदायिक तनाव अथवा विधि-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वाले असामाजिक एवं उपद्रवी तत्वों के विरुद्ध तत्काल कठोर एवं विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता जिले में शांति, सद्भाव एवं आपसी विश्वास का वातावरण बनाए रखना है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिले के सभी संवेदनशील क्षेत्रों में सादे लिबास में पुलिसकर्मियों की विशेष तैनाती की गई है, जो लगातार संदिग्ध गतिविधियों एवं शरारती तत्वों पर नजर रखेंगे। सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, थानाध्यक्ष एवं पुलिस बल को पूरी तरह सतर्क एवं सक्रिय रहने का निर्देश दिया गया है।विधि-व्यवस्था की सतत निगरानी के लिए सभी प्रखंडों के बीडीओ, अंचलाधिकारी एवं थानाध्यक्षों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए लगातार क्षेत्र भ्रमण करने तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है। वरीय प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को क्षेत्रवार जिम्मेदारी सौंपी गई है, जो पल-पल की स्थिति से जिला मुख्यालय को अवगत कराते रहेंगे।जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा है कि बकरीद का पर्व आपसी प्रेम, भाईचारा एवं सामाजिक सौहार्द के साथ मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा अफवाह की सूचना तत्काल प्रशासन को उपलब्ध कराएं।जिले में विधि-व्यवस्था की निरंतर मॉनिटरिंग हेतु जिला नियंत्रण कक्ष दिनांक 25 मई 2026 के पूर्वाह्न से 29 मई 2026 के अपराह्न तक लगातार 24 घंटे कार्यरत रहेगा। जिला नियंत्रण कक्ष का दूरभाष संख्या – 06276-224425 निर्धारित किया गया है। सम्पूर्ण नियंत्रण कक्ष व्यवस्था एवं विधि-व्यवस्था मॉनिटरिंग के वरीय प्रभार में अपर समाहर्ता मुकेश रंजन झा रहेंगे।

नियंत्रण कक्ष को तीन शिफ्टों में संचालित किया जाएगा, जहां पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी एवं कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए दंगा नियंत्रण बल, वज्र वाहन, अग्निशमन दस्ता एवं आवश्यक संसाधनों को पूरी तरह तैयार रखा गया है। अग्निशमन विभाग को भी निर्देश दिया गया है कि सभी उपकरण एवं कर्मी हर समय अलर्ट मोड में रहें।सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखने हेतु जिला साइबर सेल एवं जिला जनसम्पर्क कार्यालय की सोशल मीडिया टीम को 24 घंटे सक्रिय रहने का निर्देश दिया गया है। जिलाधिकारी ने कहा है कि सोशल मीडिया पर झूठी, भ्रामक एवं अफवाह फैलाने वाली पोस्ट करने अथवा साझा करने वालों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


