“सहयोग शिविर” कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न पंचायतों का निरीक्षण कर शिविरों में उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं एवं प्राप्त आवेदनों के निष्पादन की प्रगति की,समीक्षा की गयी।

जेटीन्यूज़
समस्तीपुर: जिला के प्रभारी सचिव प्रणव कुमार द्वारा मंगलवार को जिले में आयोजित “सहयोग शिविर” कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न पंचायतों का निरीक्षण कर शिविरों में उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं एवं प्राप्त आवेदनों के निष्पादन की प्रगति की समीक्षा की गई। इस क्रम में उन्होंने दलसिंहसराय प्रखंड की पांड पंचायत, उजियारपुर प्रखंड की नाजिरपुर पंचायत तथा सरायरंजन प्रखंड की गंगापुर पंचायत में संचालित सहयोग शिविरों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी सचिव ने शिविरों में उपस्थित आमजन से सीधे संवाद स्थापित कर विभिन्न विभागों द्वारा प्रदान की जा रही सेवाओं, आवेदन निष्पादन की स्थिति तथा सरकारी योजनाओं के लाभ प्राप्त करने में आ रही समस्याओं के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया। उन्होंने लाभार्थियों एवं ग्रामीणों से बातचीत कर यह सुनिश्चित किया कि उनकी शिकायतों एवं समस्याओं का समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान किया जा रहा है।
शिविरों में विभिन्न विभागों से संबंधित बड़ी संख्या में प्राप्त आवेदनों का त्वरित निष्पादन किया जा चुका था। इस पर प्रभारी सचिव ने संतोष एवं प्रसन्नता व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप सहयोग शिविरों के माध्यम से आम जनता की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है, जिससे लोगों को कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ रही ह

प्रभारी सचिव ने उपस्थित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन की समस्याओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए माननीय मुख्यमंत्री के निर्देशों एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी सोच के अनुरूप सभी प्राप्त आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने विशेष रूप से राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, लोक स्वास्थ्य, शिक्षा, ग्रामीण विकास, कृषि, विद्युत, पेयजल, आवास एवं अन्य जनसेवा से जुड़े विभागों को निर्देश दिया कि प्राप्त शिकायतों एवं आवेदनों के निष्पादन की नियमित मॉनिटरिंग की जाए । तथा लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर जिलाधिकारी समस्तीपुर रोशन
कुशवाहा, पुलिस अधीक्षक समस्तीपुर अरविंद प्रताप सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी दलसिंहसराय किशन कुमार सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।

