महंगाई, बेरोजगारी और कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर राजद का आंदोलन तेज, 9 व 17 जून को होगा धरना
जे टी न्यूज, अररिया:

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अररिया जिला इकाई की बैठक मंगलवार को जिला मुख्यालय स्थित राजद कार्यालय में जिलाध्यक्ष डॉ. अविनाश आनंद की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक का संचालन प्रधान महासचिव रामनारायण विश्वास ने किया।
बैठक में राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव एवं प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल के आह्वान पर बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, गरीबी, भ्रष्टाचार तथा गिरती कानून-व्यवस्था के खिलाफ प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन कार्यक्रम की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
नेताओं ने बताया कि 9 जून 2026 को जिले के सभी प्रखंड मुख्यालयों तथा 17 जून 2026 को जिला मुख्यालय में धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में धरना कार्यक्रम के जिला प्रभारी एवं मधेपुरा लोकसभा के पूर्व प्रत्याशी डॉ. प्रो. कुमार चन्द्रदीप भी उपस्थित रहे।
बैठक में उपस्थित संगठन के पदाधिकारियों, नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में निर्णय लिया कि प्रखंड एवं जिला मुख्यालय स्तर पर आयोजित धरना-प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए पूरी ताकत झोंकी जाएगी। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों पर विफल रही है, जिसके विरोध में पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करेगी।
बैठक को पूर्व मंत्री शाहनवाज आलम, रानीगंज विधायक अविनाश मंगलम, नरपतगंज के पूर्व प्रत्याशी मनीष यादव, पूर्व एमएलसी प्रत्याशी नितेश यादव, राजद नेता राकेश विश्वास, व्यवसायिक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष अमित पूर्वे तथा जिला उपाध्यक्ष सरवर आलम ने संबोधित किया।
बैठक में जिला महासचिव राशिद रूमी, संतोष यादव, कमाले हक, प्रखंड अध्यक्ष धनंजय यादव, प्रदीप मंडल, मो. नसीम, मो. मन्नान, हेमनारायण यादव, विपिन यादव, प्रखंड महासचिव सरोज मेहता, नगर अध्यक्ष सुशील विश्वास, कार्यालय प्रभारी संतोष यादव, धीरेंद्र यादव, संतोष कुमार यादव, संजीत मंडल सहित बड़ी संख्या में राजद कार्यकर्ता उपस्थित थे।


