एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों की पहचान एवं उनके समुचित उपचार को लेकर जिलाधिकारी समस्तीपुर की अध्यक्षता में बैठक आयोजित।
एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों की पहचान एवं उनके समुचित उपचार को लेकर जिलाधिकारी समस्तीपुर की अध्यक्षता में बैठक आयोजित।

जेटीन्यूज़
समस्तीपुर: नए एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों की पहचान एवं उनके समुचित उपचार सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को सभागार, समस्तीपुर में जिलाधिकारी समस्तीपुर रोशन कुशवाहा की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सिविल सर्जन डॉ. राजीव कुमार ने जानकारी दी कि जिले में नए एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों की खोज एवं स्क्रीनिंग के लिए आगामी 77 दिनों के दौरान कुल 154 विशेष जांच शिविर आयोजित किए जाने का प्रस्ताव है। इन शिविरों का संचालन 1 जुलाई से प्रारंभ किया जाएगा।
सिविल सर्जन ने बताया कि इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य जिले में एचआईवी संक्रमण की वर्तमान स्थिति का आकलन करना, नए संक्रमित व्यक्तियों की पहचान करना तथा उन्हें समय पर आवश्यक चिकित्सीय परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराना है। बैठक के दौरान जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी प्रस्तावित शिविरों की तिथियां शीघ्र निर्धारित कर व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जाए, जिससे अधिक से अधिक लोग जांच हेतु शिविरों में पहुंच सकें। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि अनुभवी एवं योग्य चिकित्सकों के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन कर अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि एचआईवी संक्रमण की समय पर पहचान एवं उपचार न केवल संक्रमित व्यक्ति के स्वास्थ्य संरक्षण के लिए आवश्यक है, बल्कि समाज में संक्रमण के प्रसार को रोकने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है। बैठक में स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी, जिला एड्स नियंत्रण इकाई के प्रतिनिधि एवं अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे ।

