स्वागत सप्ताह के तहत छात्र-छात्राओं का हुआ अभिनंदन, नियमित उपस्थिति और मन लगाकर पढ़ाई करने का दिया संदेश
स्वागत सप्ताह के तहत छात्र-छात्राओं का हुआ अभिनंदन, नियमित उपस्थिति और मन लगाकर पढ़ाई करने का दिया संदेश

जे टी न्यूज़, सुपौल : गर्मी की लंबी छुट्टियों के बाद जब नन्हे कदम फिर से विद्यालय की ओर बढ़े तो प्राथमिक विद्यालय दीपनगर बिचारी का परिसर खुशियों, मुस्कान और उत्साह से सराबोर नजर आया। विद्यालय में ‘स्वागत सप्ताह’ के तहत बच्चों का ऐसा अभिनंदन किया गया कि उनके चेहरे खिल उठे। विद्यालय की विशिष्ट शिक्षिका मनु कुमारी ने विद्यालय पहुंचने वाले सभी छात्र-छात्राओं का लाल टीका लगाकर, माथे पर अक्षत चढ़ाकर तथा पुष्पवर्षा कर आत्मीय स्वागत किया। विद्यालय परिवार की इस अनूठी पहल ने बच्चों को अपनापन और सम्मान का एहसास कराया। स्वागत के दौरान विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
मनु कुमारी ने कहा कि “हमारे बच्चे विद्यालय की शान हैं, उनका स्वागत करना हमारा सम्मान है।” उन्होंने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय आने, निर्धारित यूनिफॉर्म पहनने तथा पूरी लगन और मनोयोग से पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।

स्वागत समारोह के दौरान बच्चों के चेहरे पर छुट्टियों की यादों के साथ-साथ दोस्तों और शिक्षकों से मिलने की खुशी साफ झलक रही थी। विद्यालय परिवार ने विश्वास जताया कि नए शैक्षणिक सत्र में सभी बच्चे बेहतर उपस्थिति दर्ज कर उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे।
विद्यालय के इस अभिनव स्वागत कार्यक्रम की अभिभावकों और ग्रामीणों ने भी सराहना की। उनका मानना है कि ऐसे आयोजन बच्चों में विद्यालय के प्रति लगाव बढ़ाते हैं और शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करते हैं।


