बिहार विधान परिषद् के 213वें सत्र से पूर्व सभापति की अध्यक्षता में सर्वदलीय बैठक संपन्न
बिहार विधान परिषद् के 213वें सत्र से पूर्व सभापति की अध्यक्षता में सर्वदलीय बैठक संपन्न
जे टी न्यूज, पटना: बिहार विधान परिषद् के आगामी मानसून सत्र के सुचारु, शांतिपूर्ण एवं सार्थक संचालन के उद्देश्य से आज बिहार विधान परिषद् के सभापति श्री अवधेश नारायण सिंह की अध्यक्षता में सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न दलों के नेताओं एवं सदस्यों ने भाग लिया तथा सत्र के संचालन से संबंधित विभिन्न विषयों पर सकारात्मक एवं रचनात्मक चर्चा हुई।
बैठक को संबोधित करते हुए सभापति ने सभी दलों से सहयोग एवं सदन की गरिमा बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि मानसून सत्र की अवधि मात्र पाँच दिनों की है। ऐसे में हम सभी का दायित्व है कि आपसी सहयोग, संवाद और सकारात्मक सहभागिता के माध्यम से इस सीमित समय का अधिकतम सदुपयोग करें तथा सत्र को अधिक से अधिक जनोपयोगी, सार्थक एवं परिणामोन्मुख बनाएं। उन्होंने आगे कहा कि लोकतंत्र में सदन जनभावनाओं की अभिव्यक्ति का सर्वोच्च मंच है। इसलिए सभी सदस्य संसदीय परंपराओं एवं मर्यादाओं का पालन करते हुए जनहित के महत्वपूर्ण मुद्दों पर सार्थक चर्चा करें, ताकि जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप प्रभावी परिणाम सामने आ सकें। बैठक में उपस्थित सभी दलों के प्रतिनिधियों ने सत्र के सफल संचालन हेतु सकारात्मक सहयोग का आश्वासन दिया।

इस बैठक में बिहार विधान परिषद् के उप सभापति प्रो०(डॉ.) राम वचन राय, उप मुख्यमंत्री सह संसदीय कार्य मंत्री श्री विजय कुमार चौधरी, सदन उप नेता श्री ललन कुमार सर्राफ, मुख्य सचेतक सत्तारूढ़ दल श्री संजय कुमार सिंह उर्फ गांधीजी, मुख्य सचेतक विरोधी दल श्री अब्दुल बारी सिद्दिकी, उप मुख्य सचेतक सत्तारूढ़ दल श्री जनक राम, सचेतक सत्तारूढ़ दल श्रीमती रीना देवी, माननीय सदस्य श्री संजीव कुमार सिंह, श्रीमती शशि यादव, श्री अशरफ अंसारी, श्री देवेश कुमार एवं बिहार विधान परिषद् के प्रभारी सचिव श्री शंकर कुमार, निदेशक श्री ज्ञान प्रकाश एवं उप सचिव मिथिलेश कुमार उपस्थित थे।

