एम. के. कॉलेज में खेल प्रतियोगिता का हुआ आगाज, खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

एम. के. कॉलेज में खेल प्रतियोगिता का हुआ आगाज, खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम


जे टी न्यूज़, दरभंगा: स्थानीय महारानी कल्याणी महाविद्यालय, लहेरियासराय, दरभंगा में राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के अवसर पर आयोजित महाविद्यालय स्तरीय 5 दिवसीय खेल कूद प्रतियोगिता का आयोजन प्रधानाचार्य डॉ. मो. रहमतुल्लाह की अध्यक्षता में वंदे मातरम व जन-गण-मन के राष्ट्रीय गीत के साथ शुभारंभ किया गया।
उद्घाटन सत्र में अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में प्रधानाचार्य डॉ. मो. रहमतुल्लाह ने कहा कि बिहार महामहिम राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी व मिथिला विश्वविद्यालय के आदरणीय कुलपति प्रो. संजय कुमार चौधरी के कुशलतम नेतृत्व में बिहार अब विकास की रफ्तार को पकड़ चुका है। शैक्षणिक सशक्तिकरण की दिशा में बिहार टॉप गियर लगा चुका है। सभी प्रतिभागी खेल के विभिन्न विधाओं में भाग लें और अपने महाविद्यालय-विश्वविद्यालय का नाम रौशन करते रहें। आप सबों को मेरी ओर से शुभकामना है।
आयोजित खेल प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाओं में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए शानदार प्रदर्शन किया। 100 मीटर दौड़, शॉटपुट और डिस्कस थ्रो स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त हुआ, जबकि अन्य प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार के लिए चयनित किया गया।
पुरुषों की 100 मीटर दौड़ में ललन कुमार ने प्रथम, प्रिंस कुमार ने द्वितीय तथा सुभाष कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। दिपेश कुमार को चतुर्थ स्थान के लिए सांत्वना पुरस्कार दिया गया। वहीं महिला वर्ग में बंदना कुमारी प्रथम, पूजा कुमारी द्वितीय तथा प्रियंका कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं। साक्षी कुमारी को चतुर्थ तथा निखत परवीन को पंचम स्थान प्राप्त हुआ। दोनों को सांत्वना पुरस्कार के लिए चयनित किया गया।
शॉटपुट के पुरुष वर्ग में बिपिन कुमार ने प्रथम, पुरुषोत्तम कुमार ने द्वितीय तथा ऋतुराज रंजन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। ओम प्रकाश को चतुर्थ स्थान के लिए सांत्वना पुरस्कार मिला। वहीं महिला शॉटपुट में पूजा कुमारी प्रथम, प्रियंका कुमारी द्वितीय तथा गुलनाज परवीन तृतीय स्थान पर रहीं। मनीषा कुमारी को चतुर्थ स्थान एवं सांत्वना पुरस्कार मिला।


डिस्कस थ्रो के पुरुष वर्ग में ओम प्रकाश ने प्रथम, बिपिन कुमार ने द्वितीय तथा सत्यम कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। आदित्य सिंह को चतुर्थ स्थान के लिए सांत्वना पुरस्कार दिया गया। वहीं महिला डिस्कस थ्रो में प्रियंका कुमारी प्रथम, पूजा कुमारी द्वितीय तथा गुलनाज परवीन तृतीय स्थान पर रहीं। मनीषा कुमारी ने चतुर्थ तथा साक्षी कुमारी ने पंचम स्थान प्राप्त किया। दोनों को सांत्वना पुरस्कार के लिए चयनित किया गया।
प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के उत्साह और प्रदर्शन ने खेल भावना को और मजबूत किया। आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई देते हुए भविष्य में भी खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।


इस दौरान विभिन्न विधाओं के निर्णायक मंडली, महाविद्यालय के खेल पदाधिकारी डॉ. सुरेश चंद्र, बर्सर डॉ. सच्चिदा नंद मिश्र, आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ के समन्वयक डॉ. रंजन कु. ठाकुर, राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. रीता कुमारी, परीक्षा नियंत्रक डॉ. आलोक प्रभात, उप-परीक्षा नियंत्रक डॉ. अभय कुमार सहित सभी शिक्षक व प्रधान सहायक कन्हाई कुमार चौधरी, सहायक शेखर कुमार चौधरी, सुमन कुमार झा, राकेश कुमार ठाकुर, अविनाश कुमार सिंह सहित सभी कर्मी व सैकड़ों की संख्या में छात्र-छात्रा उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button