सेवा संकल्प अभियान के तहत बूढ़ी गंडक नदी किनारे चला विशेष स्वच्छता अभियान

डीडीसी सूर्य प्रताप सिंह ने दिलाई स्वच्छता की शपथ, 200 से अधिक युवाओं ने लिया हिस्सा

सेवा संकल्प अभियान के तहत बूढ़ी गंडक नदी किनारे चला विशेष स्वच्छता अभियान

डीडीसी सूर्य प्रताप सिंह ने दिलाई स्वच्छता की शपथ, 200 से अधिक युवाओं ने लिया हिस्सा

जे टी न्यूज, समस्तीपुर: जिला गंगा समिति, जिला प्रशासन समस्तीपुर एवं नगर निगम समस्तीपुर के संयुक्त तत्वावधान में सेवा संकल्प अभियान के तहत बूढ़ी गंडक नदी के प्रसाद घाट पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं दो सौ से अधिक युवाओं ने भाग लेकर घाट और नदी किनारे स्वच्छता का संदेश दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह थे। उनके साथ नगर आयुक्त गौतम कुमार, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी अशोक कुमार, जिला परियोजना पदाधिकारी नमामि गंगे नीरजेश कुमार, स्वच्छता पदाधिकारी विवेक कुमार, सूबेदार मेजर कुलदीप सिंह, लेफ्टिनेंट डॉ. राहुल मनहर एवं उप नगर आयुक्त विभूति आनंद सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी ने संयुक्त रूप से घाट परिसर की सफाई की।

जिला परियोजना पदाधिकारी नमामि गंगे नीरजेश कुमार ने अतिथियों का शॉल, पाग एवं पौधा देकर स्वागत किया तथा विशेष स्वच्छता अभियान की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 2 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान स्वच्छता एवं नदी संरक्षण से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

‘नदियों और जलाशयों को स्वच्छ रखना हम सबकी जिम्मेदारी’

उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह ने उपस्थित लोगों को नदी एवं जलाशयों की स्वच्छता की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि नदियों और जलाशयों को स्वच्छ रखना हम सबकी जिम्मेदारी है। युवाओं को नदी संरक्षण के लिए आगे आना चाहिए और अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि जल संरक्षण के प्रति सामूहिक प्रयास जरूरी है, ताकि आने वाली पीढ़ियों को पानी की कमी का सामना न करना पड़े। उन्होंने प्रत्येक व्यक्ति से अपने आसपास एक स्थान का चयन कर नियमित रूप से उसकी सफाई करने का आह्वान किया।

नगर आयुक्त गौतम कुमार ने कहा कि स्वच्छता केवल विशेष अवसरों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना होगा। इसकी शुरुआत प्रत्येक व्यक्ति को स्वयं से करनी चाहिए।

नदी में कचरा और पूजन सामग्री नहीं डालने का संकल्प

कार्यक्रम के दौरान लोगों ने नदियों में कूड़ा-कचरा एवं पूजन सामग्री प्रवाहित नहीं करने का संकल्प लिया। इसके लिए व्यापक हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया। अधिकारियों एवं स्वयंसेवकों ने लोगों को नदी को प्रदूषण से बचाने और जल स्रोतों के संरक्षण के प्रति जागरूक किया।

कार्यक्रम का समापन ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण के साथ हुआ।

स्वच्छता अभियान में एनएसएस, एनसीसी एवं ‘मेरा युवा भारत’ के स्वयंसेवकों सहित 200 से अधिक युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अभियान के माध्यम से नदी स्वच्छता, जल संरक्षण और जनभागीदारी का संदेश दिया गया।

Related Articles

Back to top button