मद्य निषेध अभियान को जन आंदोलन का स्वरूप दें: डीएम रोशन कुशवाहा

शराब के दुष्परिणामों के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर

मद्य निषेध अभियान को जन आंदोलन का स्वरूप दें: डीएम रोशन कुशवाहा
शराब के दुष्परिणामों के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर
नुक्कड़ नाटक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से गांव-गांव तक पहुंचेगा संदेश

जे टी न्यूज, समस्तीपुर : जिले में मद्य निषेध अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन एवं जन-जागरूकता गतिविधियों को लेकर मंगलवार को जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। समाहरणालय स्थित उनके कार्यालय कक्ष में हुई बैठक में 27 अक्टूबर से 26 नवंबर 2026 तक संचालित अभियान के तहत विभिन्न विभागों द्वारा की जा रही गतिविधियों की समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने कहा कि मद्य निषेध अभियान का उद्देश्य शराब के सेवन एवं अवैध कारोबार के दुष्परिणामों के प्रति आम लोगों को जागरूक करना तथा समाज में नशामुक्ति के लिए सकारात्मक वातावरण तैयार करना है। उन्होंने निर्देश दिया कि अभियान को केवल औपचारिक कार्यक्रम तक सीमित नहीं रखा जाए, बल्कि इसे जन आंदोलन का स्वरूप दिया जाए, ताकि शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के अधिकाधिक लोगों तक इसका संदेश पहुंचे।

उन्होंने प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, सोशल मीडिया तथा अन्य प्रचार माध्यमों के जरिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया। जिला जनसंपर्क पदाधिकारी को अभियान से जुड़ी गतिविधियों का नियमित प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने को कहा गया।

नुक्कड़ नाटक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से होगा जागरूकता का प्रसार

डीएम ने नुक्कड़ नाटक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से शराब के सामाजिक, पारिवारिक और स्वास्थ्य संबंधी दुष्परिणामों को जनसामान्य तक पहुंचाने पर जोर दिया। जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी को लोकभाषा और स्थानीय परिवेश के अनुरूप जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया गया।

शिक्षा विभाग को विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों के बीच मद्य निषेध से संबंधित जागरूकता गतिविधियां चलाने तथा जीविका को स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में अभियान का संदेश पहुंचाने को कहा गया।l

जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित गतिविधियों का समयबद्ध संचालन करने और उनकी नियमित समीक्षा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सामुदायिक भागीदारी से ही नशामुक्त समाज के निर्माण का लक्ष्य प्रभावी ढंग से प्राप्त किया जा सकता है।

बैठक में उत्पाद अधीक्षक मनोज कुमार सिंह, जीविका के जिला परियोजना प्रबंधक विक्रांत कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रजनीश कुमार राय, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी जूही कुमारी, शिक्षा विभाग के डीपीओ शुभम कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button