सांसद शाम्भवी चौधरी ने सांसद निधि से स्वीकृत विकास योजनाओं का किया उद्घाटन, बोलीं- समस्तीपुर के विकास के लिए संकल्पित हूं
कहा- समस्तीपुर के लोग जनता नहीं, मेरा परिवार हैं; भोला टॉकीज और मुक्तापुर आरओबी सहित कई बड़ी परियोजनाओं पर काम प्रगति पर
सांसद शाम्भवी चौधरी ने सांसद निधि से स्वीकृत विकास योजनाओं का किया उद्घाटन, बोलीं- समस्तीपुर के विकास के लिए संकल्पित हूं
कहा- समस्तीपुर के लोग जनता नहीं, मेरा परिवार हैं; भोला टॉकीज और मुक्तापुर आरओबी सहित कई बड़ी परियोजनाओं पर काम प्रगति पर

जे टी न्यूज,
समस्तीपुर: समस्तीपुर लोकसभा क्षेत्र की सांसद शाम्भवी चौधरी ने गुरुवार को अनुपम रिसॉर्ट में आयोजित समारोह में समस्तीपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना (सांसद निधि) से स्वीकृत विभिन्न जनहितकारी एवं विकास योजनाओं का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि समस्तीपुर लोकसभा क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनता की समस्याओं का समाधान और बुनियादी सुविधाओं का विस्तार सुनिश्चित करने के लिए वे लगातार प्रयासरत हैं।
समारोह को संबोधित करते हुए सांसद ने कहा कि समस्तीपुर शहर को जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए वर्षों से लंबित भोला टॉकीज के निकट रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण की दिशा में पहल की गई है। इसके साथ ही समस्तीपुर-दरभंगा मुख्य मार्ग पर मुक्तापुर में आरओबी निर्माण, मगरदही घाट स्थित गंडक नदी पर पुल निर्माण तथा मुसरीघरारी के समीप से बेझा, जितवारपुर और बिशनपुर होते हुए हकीमाबाद बाइपास स्थित नवनिर्मित पुल तक सड़क संपर्क स्थापित करने की योजनाओं को स्वीकृति दिलाने के लिए लगातार प्रयास किए गए हैं। उन्होंने बताया कि इन महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर कार्य प्रगति पर है।
सांसद ने कहा कि सांसद निधि से स्वीकृत विभिन्न जनोपयोगी योजनाओं के उद्घाटन से स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी। उन्होंने विकास कार्यों को लेकर अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि वे क्षेत्र की जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का हरसंभव प्रयास करेंगी।
भावुक अंदाज में उन्होंने कहा, “मैं समस्तीपुर लोकसभा क्षेत्र की बेटी हूं। यहां के लोगों को केवल जनता नहीं, बल्कि अपना परिवार मानती हूं। परिवार के सुख-दुख में सहभागी बनना और उनकी अपेक्षाओं पर खरा उतरना मेरा दायित्व है। मैं सदैव क्षेत्रवासियों के सुख-दुख में उनके साथ खड़ी रहूंगी।”
कार्यक्रम में समस्तीपुर विधायक अश्वमेघ देवी, विधान परिषद सदस्य डॉ. तरुण कुमार चौधरी, लोजपा (रामविलास) के जिलाध्यक्ष अनुपम कुमार उर्फ हीरा सिंह, विनोद चौधरी, अनंत कुशवाहा, उपप्रमुख सह सांसद प्रतिनिधि राजेश सिंह, नीरज भारद्वाज, विशुनदेव कुशवाह, राजीव सिंह, अरुण झा, सुजय पासवान, मुकेश कुशवाहा, रीना सहनी, केशरी मेहता, राजकिशोर हजारी, अरविंद सिंह, सुशील चौबे, अशोक पासवान, मायाशंकर सिंह, बबलू कुमार, कृष्ण बालक महतो, सनी कुमार, मुरारी तिवारी एवं बंटी जायसवाल सहित एनडीए के बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
