बी.आर.बी. कॉलेज परिसर के तालाब में डूबने से किशोर की मौत, सदर अस्पताल पहुंचे अख्तरुल इस्लाम शाहीन
खुले तालाब के चारों ओर बाउंड्री और चेतावनी बोर्ड नहीं होने पर उठाए सवाल, प्रशासनिक लापरवाही को बताया हादसे की वजह
बी.आर.बी. कॉलेज परिसर के तालाब में डूबने से किशोर की मौत, सदर अस्पताल पहुंचे अख्तरुल इस्लाम शाहीन
खुले तालाब के चारों ओर बाउंड्री और चेतावनी बोर्ड नहीं होने पर उठाए सवाल, प्रशासनिक लापरवाही को बताया हादसे की वजह

जे टी न्यूज,
समस्तीपुर: मुफ्फसिल थाना क्षेत्र स्थित बी.आर.बी. कॉलेज परिसर के तालाब में डूबने से एक किशोर की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। मृतक के घर में कोहराम मचा हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, किशोर कॉलेज परिसर की ओर गया था। इसी दौरान वह परिसर स्थित तालाब में गिर गया। काफी देर तक उसके नजर नहीं आने पर लोगों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान उसका शव तालाब में तैरता हुआ मिला। स्थानीय लोगों की मदद से उसे आनन-फानन में सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
अख्तरुल इस्लाम शाहीन ने परिजनों से की मुलाकात
घटना की सूचना मिलते ही बिहार विधानसभा के पूर्व सचेतक अख्तरुल इस्लाम शाहीन सदर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी तथा इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया।
इस दौरान उन्होंने कॉलेज परिसर स्थित खुले तालाब की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि तालाब के चारों ओर न तो बाउंड्री की व्यवस्था है और न ही कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया है। सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने के कारण इस तरह की दुखद घटना हुई है। उन्होंने प्रशासन से ऐसे खुले तालाबों के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की आवश्यकता जताई, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। इस हृदयविदारक घटना से मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


