चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ से धान की फसल को भारी नुकसान, किसानों को पर्याप्त मुआवजा दे सरकार : संयुक्त किसान मोर्चा
चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ से धान की फसल को भारी नुकसान, किसानों को पर्याप्त मुआवजा दे सरकार : संयुक्त किसान मोर्चा

जे टी न्यूज,
पटना: संयुक्त किसान मोर्चा, बिहार ने चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के कारण हुई बेमौसम बारिश से धान की फसल को हुए भारी नुकसान पर गहरी चिंता जताई है। मोर्चा ने बिहार सरकार से प्रभावित किसानों को तत्काल पर्याप्त मुआवजा देने की मांग की है।
मोर्चा के नेताओं ने कहा कि प्रकृति के अत्यधिक दोहन से उत्पन्न जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण प्रदूषण के कारण बार-बार चक्रवाती तूफान एवं बेमौसम बारिश की घटनाएं हो रही हैं। इसका सीधा असर खेती और किसानों की आजीविका पर पड़ रहा है। हालिया चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के चलते हुई बेमौसम बारिश से पककर तैयार धान की फसल बड़े पैमाने पर बर्बाद हो गई है। इसके साथ ही रबी फसलों की बुवाई भी प्रभावित हुई है।
नेताओं ने कहा कि इस प्राकृतिक आपदा से किसानों पर गंभीर संकट आ गया है। पानी में भीगे धान की खरीद को लेकर किसानों के सामने अनिश्चितता है। किसानों ने कालाबाजारी के कारण महंगे दामों पर खाद, बीज और कीटनाशक खरीदकर फसल तैयार की थी, लेकिन कटाई के समय ही उनकी मेहनत और पूंजी बर्बाद हो गई। इससे किसानों के बीच निराशा और मायूसी का माहौल है।
संयुक्त किसान मोर्चा, बिहार के नेता अशोक प्रसाद सिंह, दिनेश कुमार, देव कुमार सिंह, अमेरिका महतो, प्रो. आनंद किशोर, आशीष रंजन, विनोद सिंह, शिव शंकर चितु और बृजेश राय ने संयुक्त बयान जारी कर राज्य सरकार से मांग की है कि फसल क्षति का शीघ्र आकलन कराया जाए और प्रभावित किसानों को उनकी बर्बादी की भरपाई के लिए अविलंब पर्याप्त मुआवजा दिया जाए।

