मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के हाथों कुलपति प्रो. संजय कुमार चौधरी को मिला ‘मिथिला विभूति सम्मान-2026’
शैक्षणिक एवं प्रशासनिक उत्कृष्टता, अनुसंधान और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में योगदान के लिए किया गया सम्मानित; ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय में हर्ष का माहौल
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के हाथों कुलपति प्रो. संजय कुमार चौधरी को मिला ‘मिथिला विभूति सम्मान-2026’
शैक्षणिक एवं प्रशासनिक उत्कृष्टता, अनुसंधान और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में योगदान के लिए किया गया सम्मानित; ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय में हर्ष का माहौल

जे टी न्यूज,
दरभंगा: ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा के कुलपति प्रो. संजय कुमार चौधरी को प्रतिष्ठित ‘मिथिला विभूति सम्मान-2026’ से सम्मानित किया गया है। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने विश्वविद्यालय परिसर स्थित डॉ. नागेन्द्र झा स्टेडियम में आयोजित 54वें विद्यापति पर्व समारोह-2026 के उद्घाटन अवसर पर उन्हें यह सम्मान प्रदान किया। इस उपलब्धि से संपूर्ण विश्वविद्यालय परिवार में हर्ष, उल्लास और गौरव का माहौल है।
महाकवि कोकिल विद्यापति की पुण्यतिथि के अवसर पर विद्यापति सेवा संस्थान, दरभंगा की ओर से आयोजित तीन दिवसीय समारोह में कुलपति को यह सम्मान शैक्षणिक एवं प्रशासनिक उत्कृष्टता, कार्यकुशलता, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, अनुसंधान को प्रोत्साहन तथा सामाजिक जुड़ाव के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया गया।
कुलपति प्रो. चौधरी के नेतृत्व में विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता को बेहतर बनाने, प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने, विद्यार्थियों की प्रतिभा एवं क्षमता के विकास तथा शोध और नवाचार को प्रोत्साहित करने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। विश्वविद्यालय को समाज की आवश्यकताओं से जोड़ने की दिशा में भी उनके योगदान को विशेष रूप से सराहा गया है।
यह सम्मान केवल कुलपति की व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय की गौरवशाली शैक्षणिक परंपरा, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और संपूर्ण विश्वविद्यालय परिवार की सामूहिक उपलब्धि का प्रतीक है। मिथिला की सांस्कृतिक चेतना के प्रतीक महाकवि विद्यापति की स्मृति में आयोजित प्रतिष्ठित समारोह में मुख्यमंत्री के हाथों मिला यह सम्मान विश्वविद्यालय की प्रतिष्ठा और गरिमा को नई ऊंचाई प्रदान करता है।
इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के शिक्षकों, शिक्षकेत्तर कर्मचारियों, शोधार्थियों, विद्यार्थियों एवं पूर्ववर्ती छात्र-छात्राओं में विशेष प्रसन्नता है। संपूर्ण विश्वविद्यालय परिवार ने इसे अपनी साझा उपलब्धि मानते हुए गौरव की अनुभूति व्यक्त की है।
