अधिकारों के साथ नागरिक कर्तव्यों का भी बोध कराता है संविधान : प्रधानाचार्य डॉ. मो. रहमतुल्लाह महारानी कल्याणी महाविद्यालय में संविधान दिवस पर विशेष चर्चा आयोजित

अधिकारों के साथ नागरिक कर्तव्यों का भी बोध कराता है संविधान : प्रधानाचार्य डॉ. मो. रहमतुल्लाह
महारानी कल्याणी महाविद्यालय में संविधान दिवस पर विशेष चर्चा आयोजित
लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक आदर्शों को आत्मसात करने पर जोर

जे टी न्यूज, दरभंगा : संविधान केवल नागरिकों के अधिकारों का दस्तावेज नहीं है, बल्कि यह उनके कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का भी मार्गदर्शन करता है। लोकतंत्र की मजबूती जागरूक, जिम्मेदार और संवेदनशील नागरिकों पर निर्भर करती है। ये बातें महारानी कल्याणी महाविद्यालय, लहेरियासराय के प्रधानाचार्य डॉ. मो. रहमतुल्लाह ने कहीं। वे 26 नवंबर 2026 को संविधान दिवस के अवसर पर महाविद्यालय में आयोजित विशेष चर्चा की अध्यक्षता कर रहे थे।

राजनीति विज्ञान विभाग, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) एवं आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (आईक्यूएसी) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानाचार्य ने कहा कि प्रत्येक नागरिक को संवैधानिक मूल्यों का सम्मान करते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।

महाविद्यालय के बर्सर डॉ. सच्चिदानंद मिश्र ने कहा कि संविधान किसी भी राष्ट्र की व्यवस्था, मर्यादा और उत्तरदायित्व का मूल आधार होता है। संवैधानिक मूल्य हमें अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ निष्पक्षता, जवाबदेही और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने की प्रेरणा देते हैं। किसी संस्थान की मजबूती उसके नियमों, अनुशासन और कार्यप्रणाली में निहित नैतिक मूल्यों से निर्धारित होती है।

राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. अभय कुमार ने कहा कि भारतीय संविधान लोकतंत्र में रहने वाले प्रत्येक नागरिक का सर्वोच्च मार्गदर्शक है। यह केवल शासन संचालन का दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की लोकतांत्रिक चेतना, नागरिक अधिकारों और सामाजिक न्याय का आधार भी है। प्रत्येक नागरिक को संविधान का अध्ययन कर उसके आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए।

एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. रीता कुमारी ने कहा कि संविधान दिवस युवाओं में सामाजिक चेतना और जिम्मेदार नागरिकता विकसित करने का अवसर प्रदान करता है। समानता, सामाजिक न्याय और मानव गरिमा के मूल्यों को व्यवहार में उतारना ही संविधान के प्रति सच्ची प्रतिबद्धता है। उन्होंने कहा कि युवा अपनी सेवा भावना और सकारात्मक सहभागिता से समाज में सार्थक परिवर्तन ला सकते हैं तथा विकसित भारत @2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

आईक्यूएसी समन्वयक डॉ. रंजन कुमार ठाकुर ने विद्यार्थियों से संविधान को केवल परीक्षा के विषय के रूप में नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक जीवन और सामाजिक विकास का महत्वपूर्ण दस्तावेज मानकर अध्ययन करने की अपील की। उन्होंने संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान किया

कार्यक्रम में परीक्षा नियंत्रक डॉ. आलोक प्रभात, खेल प्रभारी डॉ. सुरेश चन्द्र सहित महाविद्यालय के सभी शिक्षक, प्रधान सहायक कन्हाई कुमार चौधरी, सहायक शेखर कुमार चौधरी, सुमन कुमार झा, राकेश कुमार ठाकुर, अविनाश कुमार सिंह सहित अन्य कर्मी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने संवैधानिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

Related Articles

Back to top button