सड़क दुर्घटना में घायल दो व्यक्तियों की 18वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल द्वारा त्वरित सहायता समय पर उपचार से बची जान ।
सड़क दुर्घटना में घायल दो व्यक्तियों की 18वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल द्वारा त्वरित सहायता समय पर उपचार से बची जान ।

जे टी न्यूज़, जयनगर: 18वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल, राजनगर की नई लोकेशन, परिहारपुर में श्री खोजा राम लमरोर, कमांडेंट, 18वीं वाहिनी के निर्देशन में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय ग्रामीणों द्वारा सूचना दी गई कि वाहिनी के मुख्य द्वार से लगभग 100 मीटर राजनगर की ओर वर्षा के कारण सड़क पर अत्यधिक फिसलन होने से एक मोटरसाइकिल दुर्घटनाग्रस्त हो गई है।दुर्घटना में मोटरसाइकिल चालक संतोष, पुत्र श्री लखीचंद पासवान, निवासी ग्राम आमचारी आर्धामंठ, जिला मधुबनी तथा उनके साथ सवार उनकी सास श्रीमती फुलो देवी, निवासी ग्राम रखवारी, जिला मधुबनी, गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के कारण दोनों के सिर एवं शरीर के अन्य भागों में चोटें आईं तथा मोटरसाइकिल चालक घटनास्थल पर अचेत हो गया।सूचना प्राप्त होते ही मौके पर उपस्थित श्री अजीत सिंह, उप कमांडेंट के नेतृत्व में 18वीं वाहिनी के प्रशिक्षित कार्मिकों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ किया। अचेत मोटरसाइकिल चालक को घटनास्थल पर ही सीपीआर (Cardiopulmonary Resuscitation) प्रदान किया गया। इसके उपरांत दोनों घायलों को वाहिनी के वाहन से मेडिक की उपस्थिति में तत्काल जिला सदर अस्पताल, मधुबनी पहुँचाया गया, जहाँ उनका चिकित्सकीय उपचार प्रारंभ कराया गया।उपचार के दौरान घायलों के परिजन भी अस्पताल पहुँच गए।

चिकित्सकों के अनुसार वर्तमान में दोनों घायलों की स्वास्थ्य स्थिति स्थिर एवं खतरे से बाहर है।18वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल की त्वरित प्रतिक्रिया, मानवीय संवेदनशीलता एवं समय पर उपलब्ध कराई गई सहायता की घायलों, उनके परिजनों तथा स्थानीय नागरिकों द्वारा भूरि-भूरि प्रशंसा की जा रही है। सशस्त्र सीमा बल सीमाओं की सुरक्षा के साथ-साथ आवश्यकता पड़ने पर आमजन की सहायता एवं मानव जीवन की रक्षा के अपने दायित्वों के प्रति सदैव प्रतिबद्ध है।



