समस्तीपुर में रोजगार मेला समस्तीपुर में 30 नवंबर को रोजगार मेला, 25 से 30 कंपनियों के आने और 3500 तक रिक्तियों का दावा
कंपनियों की जांच और युवाओं की सुरक्षा पर जिला प्रशासन से सवाल
समस्तीपुर में रोजगार मेला
समस्तीपुर में 30 नवंबर को रोजगार मेला, 25 से 30 कंपनियों के आने और 3500 तक रिक्तियों का दावा
कंपनियों की जांच और युवाओं की सुरक्षा पर जिला प्रशासन से सवाल
जे टी न्यूज,
समस्तीपुर। जिला नियोजनालय की ओर से 30 नवंबर को टेक्नो मिशन स्कूल, मोहनपुर में जिला स्तरीय रोजगार-सह-व्यावसायिक मार्गदर्शन मेले का आयोजन किया जा रहा है। प्रशासनिक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मेले में 25 से 30 निजी कंपनियां शामिल होंगी और लगभग 2500 से 3500 रिक्तियों पर युवक-युवतियों का चयन किया जाएगा। एबी इंडिया सर्विसेज, सीएल एचआर सर्विसेज, इनोमैक्स इंडस्ट्रीज, ब्लिंक कॉमर्स, जेप्टो, टीसीआई लॉजिस्टिक्स सहित कई कंपनियों के शामिल होने की जानकारी दी गई है।
लेकिन रोजगार के इन बड़े-बड़े दावों के बीच सबसे बड़ा सवाल कंपनियों की विश्वसनीयता और युवाओं की सुरक्षा का है। क्या जिला प्रशासन ने इन कंपनियों और उनके माध्यम से भर्ती करने वाली तीसरी पक्ष की एजेंसियों की अपने स्तर से जांच की है? क्या घोषित रिक्तियों, नियुक्ति की शर्तों, वेतन, कार्यस्थल और भर्ती प्रक्रिया का सत्यापन किया गया है?
यह सवाल इसलिए भी गंभीर है कि पटना के ज्ञान भवन में आयोजित मेगा रोजगार मेले में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए थे। इसके बाद उन नियुक्ति पत्रों के आधार पर दिल्ली गई एक युवती ने शोषण का आरोप लगाया था। वहीं, चनपटिया में आयोजित रोजगार मेले के बाद नौकरी के नाम पर ठगी का मामला सामने आया। चनपटिया थाना क्षेत्र के पडूकिया गांव के करीब एक दर्जन युवा 30 अगस्त को विधायक अभिषेक रंजन के रोजगार मेले में शामिल हुए थे। आरोप है कि अगले ही दिन कुछ युवाओं को कंपनियों का प्रतिनिधि बनकर फोन आने लगे। पडूकिया निवासी ओमकांत कुमार के अनुसार, 31 अगस्त को एक व्यक्ति ने स्वयं को लेनोवो कंपनी का प्रतिनिधि बताते हुए उनके चयन की सूचना दी और क्यूआर कोड भेजकर पंजीकरण एवं अन्य प्रक्रियाओं के नाम पर 1350 रुपये जमा करने को कहा। जांच में राशि किसी कंपनी के बजाय एक व्यक्तिगत खाते में ली गई थी।

जब मुख्यमंत्री की मौजूदगी में वितरित नियुक्ति पत्रों के आधार पर भी शोषण की शिकायत सामने आती है और रोजगार मेले के बाद कंपनी प्रतिनिधि बनकर ठगी की घटनाएं होती हैं, तो सवाल उठना स्वाभाविक है कि सामान्य रोजगार मेलों में युवाओं की सुरक्षा की क्या गारंटी है? क्या समस्तीपुर जिला प्रशासन इन घटनाओं से कोई सबक लेगा या फिर कंपनियों के नाम और रिक्तियों की संख्या जारी कर अपनी जिम्मेदारी पूरी मान लेगा?
प्रशासन को स्पष्ट करना चाहिए कि मेले में शामिल होने वाली सभी कंपनियों का पंजीकरण, वास्तविक कार्यालय, भर्ती का अधिकार और घोषित रिक्तियों का सत्यापन किस स्तर पर किया गया है। क्या यह सुनिश्चित किया गया है कि किसी भी अभ्यर्थी से प्रशिक्षण, पंजीकरण, सुरक्षा राशि अथवा नौकरी दिलाने के नाम पर कोई पैसा नहीं लिया जाएगा? यदि चयन के बाद किसी युवक या युवती के साथ धोखाधड़ी, आर्थिक शोषण या अन्य प्रकार का उत्पीड़न होता है, तो उसकी जवाबदेही किसकी होगी?
जिलाधिकारी को चाहिए कि रोजगार मेले से पहले सभी कंपनियों की जांच कर सत्यापित सूची सार्वजनिक करें। चयनित अभ्यर्थियों को वास्तविक नियोक्ता से नियुक्ति पत्र दिलाने, वेतन एवं कार्यस्थल की जानकारी देने और शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए निगरानी व्यवस्था बनाई जाए। केवल नियुक्ति पत्र बांटना रोजगार की गारंटी नहीं है; नौकरी की वास्तविकता, सुरक्षा और सम्मानजनक कार्य परिस्थितियां सुनिश्चित करना भी उतना ही जरूरी है।
युवाओं को रोजगार चाहिए, नौकरी के नाम पर ठगी और शोषण नहीं। जिला प्रशासन को बताना होगा कि 30 नवंबर का यह रोजगार मेला युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने की ठोस पहल है या उन्हें निजी एजेंसियों के भरोसे छोड़ देने का एक और आयोजन।

