परबत्ता विधानसभा में 1.08 करोड़ की लागत से हुए विकास कार्यों का उद्घाटन
जिप अध्यक्ष कृष्णा कुमारी यादव बोलीं- हमारा आत्मीय संबंध है इस धरती से
परबत्ता विधानसभा में 1.08 करोड़ की लागत से हुए विकास कार्यों का उद्घाटन / जिप अध्यक्ष कृष्णा कुमारी यादव बोलीं- हमारा आत्मीय संबंध है इस धरती से
जे टी न्यूज, खगड़िया/परबत्ता:
परबत्ता विधानसभा क्षेत्र के जिला परिषद क्षेत्र संख्या-18 में सोमवार को लगभग 1 करोड़ 8 लाख रुपये की लागत से निर्मित विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन जिला परिषद अध्यक्ष एवं जिला परिषद अध्यक्ष संघ की प्रदेश अध्यक्ष कृष्णा कुमारी यादव ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता क्षेत्रीय जिला परिषद सदस्य जयप्रकाश यादव ने की। जिन कार्यों का उद्घाटन हुआ, उनमें लगार के बिसौनी ग्राम स्थित दुर्गा मंदिर के निकट छठ घाट निर्माण, भरसों के जगन्नाथ राम उच्च विद्यालय में चहारदीवारी, कुलहरिया वार्ड संख्या-5 में सामुदायिक शौचालय, कन्या प्राथमिक विद्यालय, लगार में चहारदीवारी, खिराडीह में सामुदायिक शौचालय और सत्संग भवन परिसर में शौचालय, सियादतपुर अगुवानी पंचायत के रांका ग्राम में बांध से लेकर पलटू झा के घर तक ईंट सोलिंग व पीसीसी सड़क, कुलहरिया मुस्लिम टोला में मकतब परिसर में शौचालय और चहारदीवारी, तथा मध्य विद्यालय उदयपुर में चहारदीवारी और गेट निर्माण जैसे अनेक कार्य शामिल रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए जिप अध्यक्ष कृष्णा कुमारी यादव ने कहा कि परबत्ता क्षेत्र से हमारे परिवार का आत्मीय रिश्ता है। किसी भी आपदा या संकट की घड़ी में यहां के लोग सीधे हमसे या हमारे परिवार से संपर्क करते हैं और हम सेवा में तत्पर रहते हैं।
उन्होंने कहा, “सेवा का कोई जात नहीं होता और काम की कोई सीमा नहीं। यही सिद्धांत हमारे और मेरे पति, पूर्व विधायक रणवीर यादव की राजनीति की नींव है।” उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में जिले के चप्पे-चप्पे में सड़क, शौचालय, चहारदीवारी जैसे विकासात्मक कार्य कराए गए हैं।
जिप अध्यक्ष ने कहा कि उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, सड़क, भवन, किसानों, मजदूरों व छात्र-छात्राओं की समस्याओं के समाधान के लिए सतत प्रयास किया है। साथ ही, पंचायत प्रतिनिधियों के अधिकारों को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से शिष्टमंडल के साथ मिलकर आग्रह किया है।
उन्होंने कहा, “हम खगड़िया की मिट्टी में जन्मे हैं, यही धरती और यहां की जनता हमारे लिए भगवान समान है। हमारी प्राथमिकता सेवा, सम्मान और विकास है, न कि स्वार्थ।”
इस मौके पर जदयू नेता एवं पूर्व मुखिया अशोक सिंह, मानसी के पूर्व प्रमुख बलवीर चांद, पूर्व जिप उपाध्यक्ष मिथिलेश यादव, जिला परिषद सदस्य सतनारायण पासवान, गौरव यादव, शुभम सिंह समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण और जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

