बूथ जीतो, चुनाव जीतो के लक्ष्य की दिशा में जदयू सक्रिय: बबलू मंडल
प्रत्येक पंचायत में पहुँच रहा है "2025 में 225, फिर से नीतीश" का संदेश
बूथ जीतो, चुनाव जीतो के लक्ष्य की दिशा में जदयू सक्रिय: बबलू मंडल/प्रत्येक पंचायत में पहुँच रहा है “2025 में 225, फिर से नीतीश” का संदेश
जे टी न्यूज, खगड़िया:
जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी तैयारियों को धार देते हुए ‘बूथ जीतो, चुनाव जीतो’ लक्ष्य के तहत अभियान को पंचायत स्तर तक मजबूत कर दिया है। जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा के निर्देश पर जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों के दर्जनों पंचायतों में पंचायत स्तरीय बूथ कमेटियों की बैठकें सफलतापूर्वक आयोजित की गई हैं।इस संबंध में मंगलवार को जदयू जिला कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में पार्टी के जिला अध्यक्ष बबलू कुमार मंडल ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण का कार्यक्रम 21 जून से 25 जून तक चला, जबकि द्वितीय चरण 29 जून से 14 जुलाई तक चलेगा, जो वर्तमान में जारी है।बबलू मंडल ने कहा कि इस अभियान के तहत पार्टी कार्यकर्ता हर पंचायत और बूथ पर सक्रिय हैं। राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय पदाधिकारियों से लेकर विधायक, पूर्व विधायक, सभी प्रकोष्ठों के अध्यक्ष और स्थानीय कार्यकर्ता भी इसमें भाग ले रहे हैं। उन्होंने शेष पंचायतों के जदयू पदाधिकारियों से अपील की कि वे अनिवार्य रूप से इन बैठकों में भाग लें।
उन्होंने कहा कि जदयू कार्यकर्ता “2025 में 225, फिर से नीतीश” का संदेश हर मतदाता तक पहुँचा रहे हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के 20 वर्षों के सुशासन और जनकल्याणकारी योजनाओं को बुकलेट के माध्यम से घर-घर पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि जिस तरह से कार्यकर्ताओं का उत्साह देखने को मिल रहा है, उससे यह स्पष्ट है कि जनता एक बार फिर नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाहती है।
जदयू जिलाध्यक्ष ने यह भी कहा कि इन बैठकों में विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे झूठ और भ्रम का तर्कपूर्ण तरीके से जवाब दिया जा रहा है। इसके अलावा उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सभी जदयू कार्यकर्ताओं से बीएलओ के साथ समन्वय कर मतदाता सूची के सत्यापन में सहयोग की अपील की।
उन्होंने कहा कि यह जरूरी है कि योग्य मतदाता सूची में शामिल हों और मृत या गलत नाम हटाए जाएं, ताकि एक निष्पक्ष और समावेशी चुनाव सुनिश्चित किया जा सके।
इस अवसर पर खगड़िया विधानसभा प्रभारी वीरेंद्र सिंह कुशवाहा, जदयू जिला प्रवक्ता आचार्य राकेश पासवान शास्त्री, जिला महासचिव राजीव रंजन, सुभाष चन्द्र जोशी एवं राजीव कुमार ठाकुर सहित दर्जनों साथी मौजूद रहे।


