ड्रेस कोड के अनुशासन में उत्क्रमित मध्य विद्यालय कलवाड़ा के सभी छात्र ग्रामीण क्षेत्र में बना अनुकरणीय उदाहरण
ड्रेस कोड के अनुशासन में उत्क्रमित मध्य विद्यालय कलवाड़ा के सभी छात्र
ग्रामीण क्षेत्र में बना अनुकरणीय उदाहरण

जे टी न्यूज, शिवाजीनगर/समस्तीपुर :
प्रखंड अंतर्गत सुदूरवर्ती गांव कलवारा के उत्क्रमित मध्य विद्यालय में इन दिनों चर्चा का केंद्र बना हुआ है। यहां नामांकित सभी 320 छात्र-छात्राएं प्रतिदिन ड्रेस कोड के पूरे अनुशासन के साथ विद्यालय पहुंचते हैं। बच्चे न सिर्फ यूनिफॉर्म में आते हैं, बल्कि जूता, मौजा, टाई, बेल्ट, परिचय पत्र एवं स्कूल बैच के साथ भी सुसज्जित रहते हैं।
विद्यालय में इस अनुशासनात्मक पहल की सफलता का श्रेय शिक्षकों, बाल संसद के सदस्यों और ग्रामीणों को जाता है, जिन्होंने न केवल बच्चों को प्रेरित किया, बल्कि जरूरतमंदों को सामग्री उपलब्ध कराने में सहयोग भी किया। प्रधानाध्यापक सह पूर्व बीआरपी बालमुकुंद सिंह ने बताया कि ड्रेस के प्रति बच्चों में उत्साह देखने लायक है और इससे उनमें शिक्षा के प्रति जागरूकता भी बढ़ी है।विद्यालय में सक्रिय बाल संसद भी इस अनुशासन को बनाए रखने में अहम भूमिका निभा रही है। बाल संसद के प्रधानमंत्री अमन कुमार अपने मंत्रिमंडल के साथ निरंतर विद्यालय अनुशासन व संचालन में जुटे हैं। विद्यालय के शिक्षकगण—उदय कुमार सिंह, रमनजी मंडल, शैल कुमारी, अनिला कुमारी, नवजोत कौर, मंजू कुमारी, दीपक कुमार, राहुल कुमार, पंकज कुमार, सुरेंद्र माझी सहित अन्य शिक्षक इस प्रयास में सहभागी हैं।
गांव के लोग भी बच्चों की अनुशासित उपस्थिति को गर्व के साथ देखते हैं। सरपंच नंद किशोर महतो, प्रेम कुमार, कृष्णानंद कुमार सहित अन्य ग्रामीणों का सहयोग इस उपलब्धि में उल्लेखनीय रहा है। कलवाड़ा विद्यालय अब पूरे प्रखंड के लिए प्रेरणास्रोत बन गया है।


